आयकर विभाग की टीम ने बुधवार देर रात क्लेमेंटटाउन स्थित ग्राफिक एरा यूनिवर्सिटी में छापा मारा। इस दौरान टीम ने कई महत्वपूर्ण दस्तावेज सील कर दिए।
टीम बृहस्पतिवार सुबह दुबारा विवि पहुंची और स्टॉफ से पूछताछ की गई। एक टीम ने विवि अध्यक्ष कमल घनशाला और एक एचओडी के आवास में भी छापा मारा। सूत्रों के अनुसार, एक टीम ने भवाली स्थित ग्राफिक एरा के हिल विवि में भी दस्तावेज खंगाले।
इनकम टैक्स की बड़ी गड़बड़ी की शिकायत
आयकर विभाग को संस्थान में इनकम टैक्स की बड़ी गड़बड़ी की शिकायत मिली थी। पूरी कार्रवाई में आयकर विभाग के करीब डेढ़ सौ कर्मचारी शामिल रहे।
कार्रवाई को गोपनीय रखने के लिए क्लेमेंटटाउन थाने के बजाय लाइन से पुलिस को बुलाया गया था। बुधवार देर रात कई वाहनों में पहुंची टीम ने सबसे पहले विवि के एडमिनिस्ट्रेशन ब्लॉक को कब्जे में ले लिया।
दस्तावेजों को कब्जे में लिया
यहां टीम ने कंप्यूटर डाटा व अन्य दस्तावेजों को खंगाला गया। कार्रवाई बृहस्पतिवार सुबह भी जारी रही। उधर, सेवा कर विभाग ने दूसरे दिन भी कैनाल रोड स्थित बिल्डर के घर व ईसी रोड पर एक मोबाइल कम्यूनिकेशन कंपनी के ऑफिस में छापेमारी की है।