नगर निगम क्षेत्र के वेडिंग प्वाइंट पर जल्द ही गाज गिरनी शुरू हो जाएगी। एमडीडीए की ओर से शहर के बीचोंबीच स्थित अवैध वेडिंग प्वाइंट की सूची बनानी शुरू कर दी है। पहले चरण में पांच अवैध वेडिंग प्वाइंट के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इसको लेकर जल्द ही तिथि तय की जाएगी।
पूरे शहर में 70 से अधिक अवैध वेडिंग प्वाइंट है। इन वेडिंग प्वाइंट मानकों के अनुरूप नहीं बने हैं। कहीं पर पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था नहीं है तो कहीं पर एमडीडीए से मानचित्र स्वीकृत नहीं है। इसके कारण सड़कों पर जाम की स्थिति बनी रहती है। खासतौर पर शादियों के सीजन के दौरान आम आदमी को परेशानी उठानी पड़ती है। आम आदमी को शहर के विभिन्न वेडिंग प्वाइंटों के पास से गुजरना बेहद मुश्किल होता है।
राजनीतिक दबाव में एमडीडीए पिछले कई माह से कार्रवाई नहीं कर पा रहा है। जबकि, सुप्रीम कोर्ट मानीटरिंग कमेटी की ओर से कार्रवाई करने के लिए लगातार दबाव बनाया जा रहा था। एमडीडीए सचिव बंशीधर तिवारी ने बताया कि वेडिंग प्वाइंटों की फाइल खोल दी गई है। उनकी सूची बनाई जा रही है। पांच-पांच करके अवैध वेडिंग प्वाइंट सील किए जाएंगे। जल्द ही सीलिंग की कार्रवाई के लिए तिथि तय कर दी जाएगी।