एम्स ऋषिकेश प्रशासन ने आयकर विभाग की ओर से संस्थान में टीडीएस संबंधी गड़बड़ी को लेकर की गई टिप्पणियों पर अपनी स्थिति स्पष्ट की है। एम्स प्रशासन का कहना है कि आयकर विभाग ने बृहस्पतिवार को संस्थान के लेखानुभाग में स्रोत पर आयकर की कटौती, टीडीएस के संबंध में कतिपय अभिलेख उपलब्ध कराए जाने की अपेक्षा की थी। संस्थान के लेखानुभाग ने आयकर विभाग को संबंधित दस्तावेज उपलब्ध करा दिए हैं।
संस्थान के वित्तीय सलाहकार कमांडेंट पीके मिश्रा व आहरण वितरण अधिकारी जितेंद्र एन शर्मा ने बताया कि आयकर विभाग के अधिकारी के समक्ष संबंधित अभिलेख प्रस्तुत कर दिए गए थे। इसके साथ ही स्पष्ट कर दिया गया था कि संस्थान की ओर से नियमानुसार टीडीएस की कटौती कर आयकर विभाग के संगत खाते में जमा किया जा चुका है।
उन्होंने बताया कि विभाग के खाते में संबंधित धनराशि जमा किए जाने के बावजूद आयकर की वेबसाइट पर कदाचित तकनीकि त्रुटिवश दर्शित नहीं हो रहा है। उन्होंने बताया कि यह प्रकरण दो विभागों एम्स व आयकर विभाग के मध्य समायोजन समाधान का है। लिहाजा आयकर विभाग की ओर से निर्धारित की गई तिथि 25 फरवरी को वांछित प्रपत्र संस्थान के आहरण वितरण अधिकारी द्वारा आयकर अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत कर दिए जाएंगे।