अराजक तत्वों ने रविवार को रुद्रपुर और काशीपुर में हिंसा भड़का कर माहौल बिगाड़ने की कोशिश की गई। रुद्रपुर में एक निजी स्कूल में मांस के टुकड़े फेंके दिए गए तो काशीपुर में चामुंदा देवी मंदिर में तोड़फोड़ की गई। फिलहाल दोनों मामलों में पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
काशीपुर में अराजक तत्वों ने यहां आर्यनगर स्थित चामुंडा मंदिर में देवी की मूर्ति को खंडित कर दिया। इससे भड़के सैकड़ों लोगों ने शहर के विभिन्न मार्गों पर जुलूस निकालकर दुकानें बंद कराईं जिन्हें पुलिस ने खुलवा दिया। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने महाराणा प्रताप चौराहे पर जाम लगा दिया और कोतवाली में धरने पर बैठ गए।
एहतियातन आसपास के थानों से फोर्स बुलवा ली गई। मौके पर पहुंचे जिलाधिकारी डॉ. पंकज पांडे ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की और एसएसपी नीलेश आनंद भरणे ने अपराधियों को पकड़ने के लिए विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया। लोगों ने सोमवार 10 बजे तक मामले का खुलासा नहीं होने पर बाजार बंद करने का ऐलान किया है।
वहीं, मंदिर के पुजारी कृष्णगोपाल की तहरीर पर पुलिस ने हजारों की नकदी, चांदी का मुकुट, जेवरात व अन्य सामान चुराने और प्रतिमा खंडित करने पर अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
रविवार सुबह आर्यनगर स्थित चामुंडा मंदिर के पुजारी कृष्ण गोपाल शर्मा जब पूजा-अर्चना करने मंदिर गए तो देखा कि मंदिर परिसर में सड़क की ओर वाली जाली कटी हुई थी। मंदिर में चामुंडा देवी की मूर्ति खंडित की गई थी। देवी का छत्र भी गायब था।
अन्य प्रतिमाएं भी इधर-उधर पड़ीं थीं। दानपात्र और आलमारी खुली थी। मंदिर में तोड़फोड़ की सूचना मिलने पर मंदिर के संरक्षक राम मेहरोत्रा, एएसपी कमलेश उपाध्याय, एसडीएम पीएस राणा, सीओ प्रकाश चंद्र आर्य, नगर व्यापार मंडल अध्यक्ष राजीव सेतिया, भाजपा नेता खिलेंद्र चौधरी, चेतन अरोरा, रविपाल मौके पर पहुंच गए।
सूचना मिलने पर हिंदूवादी संगठन प्रशांत पंडित, अनिल प्रजापति, घनश्याम सैनी, विहिप नगराध्यक्ष केके छाबड़ा, गुरविंदर सिंह चंडोक, बाजपुर के विहिप अध्यक्ष यशपाल राजहंस भी पहुंच गए। लोगों में जबरदस्त आक्रोश था। एसडीएम और सीओ ने पुजारी से बात कर लोगों से शांति बनाने की अपील की।
मंदिर परिसर में जमा भीड़ नारे लगाते हुई कोतवाली पहुंचकर धरने पर बैठ गई। भीड़ ने रास्ते में दुकानें बंद कराई, लेकिन पुलिस ने दुकानें खुलवा दीं। कोतवाली में पूर्व सांसद केसी सिंह बाबा और वरिष्ठ कांग्रेसी नेता मनोज जोशी ने घटना को निंदनीय बताकर पुलिस से जल्द अपराधियों को गिरफ्तार करने की मांग की।
पूर्व सांसद बलराज पासी, विहिप नेता केके अग्रवाल, केके छाबड़ा ने घटना पर रोष जताया। मेयर ऊषा चौधरी, राज दीपिका मधुर, आशीष गुप्ता ने अपराधियों को शीघ्र गिरफ्तार करने की मांग की।