फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

उत्तराखंडः स्कूल-मंदिर में हिंसा भड़काने की शर्मनाक कोशिश

Mon, 13 Apr 2015 12:36 PM IST
ब्यूरो / अमर उजाला, काशीपुर-रुद्रपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
अराजक तत्वों ने रविवार को रुद्रपुर और काशीपुर में हिंसा भड़का कर माहौल बिगाड़ने की कोशिश की गई। रुद्रपुर में एक निजी स्कूल में मांस के टुकड़े फेंके दिए गए तो काशीपुर में चामुंदा देवी मंदिर में तोड़फोड़ की गई। फिलहाल दोनों मामलों में पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
विज्ञापन


काशीपुर में अराजक तत्वों ने यहां आर्यनगर स्थित चामुंडा मंदिर में देवी की मूर्ति को खंडित कर दिया। इससे भड़के सैकड़ों लोगों ने शहर के विभिन्न मार्गों पर जुलूस निकालकर दुकानें बंद कराईं जिन्हें पुलिस ने खुलवा दिया। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने महाराणा प्रताप चौराहे पर जाम लगा दिया और कोतवाली में धरने पर बैठ गए।

एहतियातन आसपास के थानों से फोर्स बुलवा ली गई। मौके पर पहुंचे जिलाधिकारी डॉ. पंकज पांडे ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की और एसएसपी नीलेश आनंद भरणे ने अपराधियों को पकड़ने के लिए विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया। लोगों ने सोमवार 10 बजे तक मामले का खुलासा नहीं होने पर बाजार बंद करने का ऐलान किया है।
विज्ञापन


वहीं, मंदिर के पुजारी कृष्णगोपाल की तहरीर पर पुलिस ने हजारों की नकदी, चांदी का मुकुट, जेवरात व अन्य सामान चुराने और प्रतिमा खंडित करने पर अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

रविवार सुबह आर्यनगर स्थित चामुंडा मंदिर के पुजारी कृष्ण गोपाल शर्मा जब पूजा-अर्चना करने मंदिर गए तो देखा कि मंदिर परिसर में सड़क की ओर वाली जाली कटी हुई थी। मंदिर में चामुंडा देवी की मूर्ति खंडित की गई थी। देवी का छत्र भी गायब था।

अन्य प्रतिमाएं भी इधर-उधर पड़ीं थीं। दानपात्र और आलमारी खुली थी। मंदिर में तोड़फोड़ की सूचना मिलने पर मंदिर के संरक्षक राम मेहरोत्रा, एएसपी कमलेश उपाध्याय, एसडीएम पीएस राणा, सीओ प्रकाश चंद्र आर्य, नगर व्यापार मंडल अध्यक्ष राजीव सेतिया, भाजपा नेता खिलेंद्र चौधरी, चेतन अरोरा, रविपाल मौके पर पहुंच गए।

सूचना मिलने पर हिंदूवादी संगठन प्रशांत पंडित, अनिल प्रजापति, घनश्याम सैनी, विहिप नगराध्यक्ष केके छाबड़ा, गुरविंदर सिंह चंडोक, बाजपुर के विहिप अध्यक्ष यशपाल राजहंस भी पहुंच गए। लोगों में जबरदस्त आक्रोश था। एसडीएम और सीओ ने पुजारी से बात कर लोगों से शांति बनाने की अपील की।

मंदिर परिसर में जमा भीड़ नारे लगाते हुई कोतवाली पहुंचकर धरने पर बैठ गई। भीड़ ने रास्ते में दुकानें बंद कराई, लेकिन पुलिस ने दुकानें खुलवा दीं। कोतवाली में पूर्व सांसद केसी सिंह बाबा और वरिष्ठ कांग्रेसी नेता मनोज जोशी ने घटना को निंदनीय बताकर पुलिस से जल्द अपराधियों को गिरफ्तार करने की मांग की।

पूर्व सांसद बलराज पासी, विहिप नेता केके अग्रवाल, केके छाबड़ा ने घटना पर रोष जताया। मेयर ऊषा चौधरी, राज दीपिका मधुर, आशीष गुप्ता ने अपराधियों को शीघ्र गिरफ्तार करने की मांग की।
विज्ञापन

रुद्रपुर में निजी स्कूल में फेंके मांस के टुकड़े

रुद्रपुर में अराजक तत्वों ने भूतबंगला स्थित निर्मल एकेडमी में मांस के टुकड़े फेंककर माहौल बिगाड़ने की कोशिश की। स्कूल में मांस फेंकने की सूचना मिलने पर लोगों का जमावड़ा लग गया। सूचना पर पुलिस भी तत्काल पहुंच गई और मांस के टुकड़ों को कब्जे में लेकर परीक्षण के लिए भेज दिया।

माहौल खराब न हो इसके लिए मौके पर पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई। स्कूल संचालक रामपाल सिंह की तहरीर पर अज्ञात लोगों के खिलाफ धार्मिक भावनाएं भड़काने का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। भूतबंगला निवासी रामपाल सिंह का निर्मल एकेडमी नाम से स्कूल है। यह निजी स्कूल नर्सरी से पांचवी तक है।

स्कूल की दूसरी मंजिल में रामपाल सिंह परिवार के साथ रहते हैं। रविवार सुबह साढ़े पांच बजे जब वह उठे तो देखा कि मांस के करीब 14 बड़े-बड़े टुकड़े स्कूल परिसर में पड़े थे। इसका पता लगने पर आसपास के लोग वहां एकत्र हो गए। इस बीच रामपाल ने पुलिस को भी सूचना दे दी।

सूचना पर सीओ सिटी रमेश चंद्र जोशी, कोतवाल जेसी पाठक, एसएसआई आरसी मखौलिया, रंपुरा चौकी इंचार्ज अशोक धनकड़ पुलिस कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। मौके पर लोगों में आक्रोश देख, पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मांस के टुकड़ों को कब्जे में ले लिया और परीक्षण के लिए भेज दिया। साथ ही आसपास के लोगों से पूछताछ की।

माहौल खराब न हो इसके लिए पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है। सीओ रमेश चंद्र जोशी ने बताया कि मांस के टुकड़े किस जानवर के थे, इसकी जांच के लिए सैंपल भेजा गया है। स्कूल में मांस के टुकड़े फेंके जाने की जानकारी मिलते ही विधायक राजकुमार ठुकराल और बीज प्रमाणीकरण संस्था अध्यक्ष तिलकराज बेहड़ भी मौके पर पहुंचे।

उन्होंने पुलिस अधिकारियों से जल्द मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार करने को कहा। विधायक राजकुमार ठुकराल ने 24 घंटे के अंदर आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर उग्र प्रदर्शन की धमकी दी है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें