समस्या के समाधान के नाम तंत्र-मंत्र के सहारे लोगों को ठगने वाले कई गिरोह देहरादून में सक्रिय हैं।
ऐसे लोग बाकायदा विज्ञापन देकर लोगों को झांसे में लेते हैं। समस्याओं का समाधान करने के नाम पर कथित तांत्रिक लोगों का मानसिक और आर्थिक शोषण कर रहे हैं। यह सब खुलेआम चल रहा है लेकिन प्रशासन को इसकी भनक तक नहीं है।
मानसिक और आर्थिक शोषण
अदालत ने गैंगरेप में दोषी मानते हुए मंगलवार को चार कथित तांत्रिकों को भले ही उम्रकैद की सजा सुना दी लेकिन ऐसे कई दरिंदे अब भी बाहर घूम रहे हैं। राजधानी में कुछ कथित तांत्रिक कार्यालय खोलकर तो कुछ बगैर दफ्तर के ही फोन से लोगों को झांसे में लेकर उनका मानसिक और आर्थिक शोषण कर रहे हैं।
कथित तांत्रिक फोन करने पर लोगों को अपने ठिकाने पर बुलाते हैं। फिर वहां उनकी परेशानियों के संबंध में तरह-तरह की भयावह बातें करके उन्हें डराते हैं। तंत्र विद्या के नाम पर यह लोगों को इतना डरा देते हैं कि आदमी इनके जाल में फंसता चला जाता है।
तांत्रिक उपाय के नाम डराते हैं
जब आदमी डर जाता है तो तांत्रिक उपाय के नाम पर उनका आर्थिक शोषण करता है। यदि महिला हुई तो शारीरिक शोषण करने से भी बाज नहीं आते। ऐसे लोग खुद को बंगाली, बाबा, सूफी, मुल्ला, मौलाना, पंडित और शास्त्री आदि बताते हैं। लेकिन इनका इनसे कोई संबंध नहीं होता है।
असल में इनका मकसद लोगों से ठगी करना ही होता है। अपना धंधा चमकाने के लिए यह विज्ञापन देते हैं। जगह जगह पर बोर्ड और पोस्टर लगाकर लोगों को अपने जाल में फांसते हैं।
समाज में हर तरह के लोग हैं। तंत्रमंत्र के नाम पर ठगी करने वाले जानते हैं कि सीधे साधे लोगों को किस तरह से झांसे में लेना है। इस तरह के लोगों के खिलाफ जांच कर अभियान चलाया जाना चाहिए।
- चंद्रशेखर तिवारी, वरिष्ठ अधिवक्ता
तांत्रिकों के झांसे में ऐसे आई पीड़िता
गैंगरेप की पीड़िता कथित तांत्रिकों के झांसे में विज्ञापन देखकर आई। कई समस्याओं से परेशान छात्रा गई तो इनके पास समस्या समाधान के लिए थी लेकिन इन्होंने तंत्र विद्या से उसे डराकर उसकी अस्मत ही लूट ली।
कथित तांत्रिकों ने हरिद्वार रोड पर पेट्रोल पंप के सामने ज्योतिष केंद्र खोलकर उसके बाहर बड़ा बोर्ड लगाया था। बोर्ड पर इन्होंने खुद को गोल्ड मेडलिस्ट लिखकर हर समस्या के समाधान के दावे किए थे। पीड़िता पांच बार इनके कार्यालय गई। समस्या के निदान के नाम पर हर बार ये उससे अधिक पैसे ऐंठते रहे।
दो बार 51-51 सौ रुपए लिए
पीड़िता से इन्होंने दो बार 51-51 सौ रुपए लिए। इसके बाद जब इन्हें यकीन हो गया कि लड़की पूरी तरह से इनके झांसे में आ गई है तो इन्होंने उसका शारीरिक शोषण करना शुरू कर दिया।
इन कथित तांत्रिकों के झांसे में यह अकेली छात्रा ही नहीं आई थी, इन्होंने कइयों का मानसिक और आर्थिक शोषण अपनी तंत्र विद्या का भय दिखाकर किया था। लेकिन किसी ने इनकी शिकायत नहीं की।
यदि लोग समय रहते पुलिस में इनकी शिकायत कर देते और पुलिस कार्रवाई कर देती तो पीड़िता सहित कई लोग इनके चंगुल में फंसने से बच जाते।
फेसबुक पर राय देने के लिए क्लिक करें...