प्रदेश में अगर 31 दिसंबर 2017 तक बैंक खातों में आधार अपडेट न किया तो खाते बंद कर दिए जाएंगे। इसके अलावा सूबे में जल्द ही वसूली प्रमाण पत्रों की ऑनलाइन फाइलिंग शुरू होने जा रही है। राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति की 62वीं बैठक में यह जानकारी दी गई।
शुक्रवार को एक होटल में आयोजित बैंकर्स समिति की बैठक का शुभारंभ वित्त मंत्री प्रकाश पंत ने किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि 2020 तक किसानों की आय दोगुना करने को राज्य सरकार संकल्पबद्ध है। इसके लिए सरकार का प्रयास है कि किसानों को समय से बीज, खाद, दवाएं मिलें।
उनकी उपज का बाजार मूल्य मिलें। फसल की बिक्री के लिए बाजार उपलब्ध हो। इसके साथ ही सरकार दो प्रतिशत ब्याज पर फ सली ऋ ण देने पर भी विचार कर रही है। उन्होंने बैंकर्स से आह्वान किया कि ऋण-जमा अनुपात बढ़ाएं। वित्त सचिव अमित नेगी ने बताया कि बैंकों द्वारा भूमि अभिलेखों पर ऑनलाइन प्रभार अंकित करने संबंधी शासनादेश जारी हो गया है।