रायपुर में पिता-पुत्र के कत्ल के मामले में परिजनों ने शनिवार को एसएसपी से मिलकर हत्याकांड में जेल गई दीपिका राणा के परिजनों के भी साजिश में शामिल होने का आरोप लगाया है।
उनका कहना था कि हरिद्वार में पकड़े गए दो अन्य आरोपियों के हत्याकांड में शामिल होने संबंधी बयान से भ्रम की स्थिति पैदा हो रही है। कप्तान ने विवेचक को इस मामले में एसपी सिटी के बयान दर्ज करने के निर्देश दिए है।
रायपुर थाना क्षेत्र के तपोवन एंकलेव में हुई प्रेम सिंह राणा और उसके बेटे राजेश राणा की हत्या के मामले में परिजनों ने शनिवार को एसएसपी स्वीटी अग्रवाल से मुलाकात कर जेल भेजी गई दीपिका राणा के परिजनों की भी साजिश में शामिल होने की आशंका जताई है।
उनका कहना था कि वह पहले भी बता चुके हैं, लेकिन पुलिस इस गंभीरता से काम नहीं कर रही है। परिजनों ने कप्तान को एसपी सिटी हरिद्वार प्रमेंद्र डोबाल के बयान की कटिंग भी उपलब्ध कराई, जिसमें पकड़े गए दो युवकों द्वारा रायपुर के डबल मर्डर में शामिल होने की बात स्वीकारने का जिक्र किया गया।
एसएसपी ने हरिद्वार से इस तरह की कोई रिपोर्ट मिलने से इंकार किया है। उन्होंने एसटीएफ एसएसपी पी रेणुका देवी से दोनों आरोपियों के बयानों के बारे में जानकारी ली, लेकिन ऐसी बात सामने आने से इंकार किया। कप्तान ने एसपी सिटी अजय सिंह को विवेचक से एसपी सिटी डोबाल से इस संबंध में बयान दर्ज कराने को कहा है।
एसएसपी ने कहा कि यदि उन्हें कोई आपत्ति है तो वे विवेचक बदल सकती हैं। बता दें कि विवेचना अंतिम चरण में है। पुलिस को अब विधि विज्ञान प्रयोगशाला की रिपोर्ट का इंतजार है। इस मामले में राजेश राणा की पत्नी दीपिका राणा और उसका प्रेमी योगेश अरोड़ा जेल में बंद हैं।