भारतीय सैन्य अकादमी (आईएमए) देहरादून में सिविल स्टाफ की भर्ती फर्जीवाड़े में सीबीआई ने बृहस्पतिवार को 52 लोगों के खिलाफ सीबीआई मजिस्ट्रेट कोर्ट में चार्जशीट दाखिल की है। डी और सी ग्रुप की भर्ती में हुए इस फर्जीवाड़े में अलग-अलग चार्जशीट दाखिल की गई हैं।
सूत्रों के मुताबिक सेना के कुछ लेफ्टिनेंट कर्नल स्तर के अधिकारियों की भूमिका भी संदिग्ध पाई गई है। इनके खिलाफ सीबीआई की ओर से सेना मुख्यालय को लिखा जा रहा है।
आईएमए की ग्रुप सी और डी के पदों के लिए 2012 में हुई भर्ती फर्जीवाड़े में सीबीआई ने बृहस्पतिवार को सीबीआई मजिस्ट्रेट गुंजन सिंह की कोर्ट में आरोपियों के खिलाफ षडयंत्र, धोखाधड़ी एवं फर्जी दस्तावेजों को असल रूप में इस्तेमाल करने सहित विभिन्न धाराओं में चार्जशीट दाखिल की है।
सीबीआई ने ग्रुप डी में 43 लोगों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की है। 225 पदों के लिए हुई इस भर्ती में 41 अभ्यर्थियों के शैक्षिक प्रमाण पत्र फर्जी मिले हैं।