आईआईटी रुड़की में सिविल इंजीनियरिंग से पीएचडी कर रहा इथोपियन छात्र 3 जनवरी को खोसला इंटरनेशनल भवन स्थित अपने छात्रावास से लापता हो गया।
तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार छात्र की आखिरी लोकेशन 5 जनवरी को मथुरा में मिली थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
इथोपियन निवासी टियोडरोज एतनाफ्यू एबेगेज आईआईटी रुड़की में सिविल इंजीनियरिंग से पीएचडी कर रहा है। इथोपियन छात्र खोसला इंटरनेशनल हाउस के कमरा नंबर 88 में रहता है।
आइआईटी के कार्यवाहक कुल शासक छात्र कल्याण डॉ. पी जीवानन्दम ने कोतवाली पुलिस को सोमवार को तहरीर दी। जिसमें बताया गया है कि 3 जनवरी को इथोपियन छात्र अपने कमरे से लापता हो गया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर इथोपियन छात्र की गुमशुदगी का मामला सोमवार देर रात दर्ज कर लिया है।
कोतवाली पुलिस ने बताया कि मामला आईआईटी और विदेशी छात्र से जुड़ा होने के चलते पुलिस गंभीरता से मामले की जांच कर रही है।