चैनल के सीईओ उमेश शर्मा और पत्रकार आयुष गौड़ के बीच बातचीत की एक ऑडियो क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। ऑडियो में उमेश सरकार पर दबाव बनाने की नियत से आयुष को निर्देश दे रहा है। बातचीत से स्पष्ट है कि वह किसी भी तरह दिल्ली में तैनात तत्कालीन अपर स्थानिक आयुक्त मृत्युंजय मिश्रा को टूल बनाकर अपर मुख्य सचिव (एसीएस) ओमप्रकाश को पैसे पकड़ाना चाहता था।
हालांकि, यह ऑडियो वाकई उमेश और आयुष की बातचीत का है या झूठा है, इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है। बताया जा रहा है कि यही ऑडियो पुलिस के पास भी है, जिसे जांच के लिए फॉरेंसिक लैब भेजा गया है।
उमेश कुमार शर्मा के खिलाफ आयुष ने जो आरोप लगाए हैं, उनकी काफी हद तक यह ऑडियो क्लिप तस्दीक कर रही है। वह आयुष से कह रहा है कि पार्टी (टेंडर हासिल करने वाले लोग) के साथ वह मृत्युंजय मिश्रा से मिले और बातचीत करे। यदि पैसा मृत्युंजय मिश्रा मांगे तो उन्हें बिल्कुल नहीं देना है। वह आगे आयुष से कहता है कि यदि एसीएस ओमप्रकाश से बात हो जाए तो पार्टी को किसी तरह से बाहर भेजकर उनके सामने प्रसाद (रुपये) रख दे। दोनों की बातचीत के इस ऑडियो में साफ सुनाई देता है कि उमेश प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र रावत से भी हां कराना चाह रहा था। बार-बार सीएम पर दबाव बनाने की बात ऑडियो में कही जा रही है, ताकी कोई भी काम न रुके।