महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास विभाग के निदेशक वी षणमुगम मामले की जांच रिपोर्ट अपर मुख्य सचिव मनीषा पंवार आज सोमवार को सौंप सकती हैं। मुख्य सचिव ओम प्रकाश के मुताबिक वह सोमवार को इस संबंध में अपर मुख्य सचिव से बात करेंगे।
बता दें कि विभागीय मंत्री रेखा आर्य और निदेशक वी षणमुगम के बीच तनातनी हो गई थी। जिस पर शासन को दखल देना पड़ा। मंत्री का आरोप था कि निदेशक ने उनके प्रोटोकॉल की अनदेखी की है। षणमुगम उनके खिलाफ गुमशुदगी की तहरीर देने को लेकर राज्यमंत्री से खफा थे।
मामले ने इस कदर तूल पकड़ा कि मुख्य सचिव को इसकी जांच बैठानी पड़ी। मुख्यमंत्री के दखल से दोनों पक्ष शांत हो गए। मुख्य सचिव ने जांच एसीएस मनीषा पंवार को दी। जांच एक सप्ताह में पूरी होनी थी, लेकिन अभी तक पूरी नहीं हो पाई है।
विभाग को मिलेगा नया सचिव
महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास विभाग में अभी सचिव का पद खाली है, इस पद पर सौजन्या थीं। विवाद के बाद सौजन्या ने यह विभाग छोड़ दिया था। ये जिम्मेदारी अपर मुख्य सचिव मनीषा पंवार को दी गई है, लेकिन उन्होंने भी दायित्व लेने से मना कर दिया।
अपर मुख्य सचिव कार्मिक को अपनी भावना से अवगत करा दिया। तब से विभाग में कोई सचिव नहीं है। न ही कार्मिक विभाग ने नई तैनाती की है। मुख्य सचिव के मुताबिक नए सचिव का प्रस्ताव तैयार है जल्द आदेश हो जाएंगे।