नए साल पर उत्तराखंड सरकार ने दर्जन भर से ज्यादा आईएएस अफसरों को वेतनमान में पदोन्नति का तोहफा दिया है।
कई अपर सचिवों को प्रभारी सचिव बनाया
विभागीय प्रोन्नति समिति की बैठक में हुए निर्णय के बाद कई अपर सचिवों को प्रभारी सचिव बना दिया गया। इसी क्रम में हरिद्वार के डीएम डी. सेंथिल पांडियन को हटाकर शासन में तैनाती दे दी गई है। अभी किसी को हरिद्वार के जिलाधिकारी पद पर नियुक्त नहीं किया गया है।
कार्मिक विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक शासन ने मुख्यमंत्री के सचिव मोहम्मद शाहिद को वर्तमान प्रभार के साथ लोक शिकायत विभाग का अतिरिक्त दायित्व दिया गया है। उनके पासा सूचना, अल्पसंख्यक कल्याण, सुराज, भ्रष्टाचार उन्मूलन एवं जनसेवा, आबकारी समेत सभी पुरानी जिम्मेदारी बनी रहेंगी।
सरकार ने पांच आईएएस अफसरों को चयन वेतनमान में प्रोन्नत करते हुए प्रभारी सचिव बना कर उनके दायित्वों में बदलाव कर दिया है। शैलेश बगोली अब सामान्य प्रशासन, संस्कृति, खेल, युवा कल्याण, ग्रामीण अभियंत्रण सेवा के प्रभारी सचिव के साथ ही निदेशक खेल एवं युवा कल्याण बनाए गए है।
डी.सेंथिल पांडियन को हटाकर प्रभारी सचिव बनाया
जिलाधिकारी हरिद्वार डी.सेंथिल पांडियन को भी हटा शासन में प्रभारी सचिव बनाया है। उन्हें प्रभारी सचिव प्राथमिक शिक्षा, महानिदेशक माध्यमिक शिक्षा, सर्व शिक्षा अभियान एवं राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान (रमसा) की जिम्मेदारी दी गई है।
राधिका झा से सभी विभाग हटाकर प्रभारी सचिव बाहरी सहायता से जुड़ी, केंद्र पोषित योजनाएं व स्थानिक आयुक्त नई दिल्ली के पद पर तैनात किया है। विजय ढौंडियाल को वर्तमान प्रभार से मुक्त करते हुए प्रभारी सचिव सहकारिता, सदस्य न्यायिक एवं सचिव राजस्व परिषद व संचालक चकबंदी की जिम्मेदारी सौंपी है।
नीतेश झा केंद्र में प्रतिनियुक्ति पर हैं लेकिन उन्हें भी चयन वेतनमान में पदोन्नत कर दिया गया है। इसके अलावा अपर सचिव दमयंती दोहरे को दुग्ध विकास, पशुपालन, भेड़ एवं बकरी पालन, चारा एवं चारागाह विकास विभाग का प्रभारी सचिव बनाया गया है।
अपर सचिव वी.षणमुगम को वर्तमान जिम्मेदारी से मुक्त करते हुए अपर सचिव शहरी विकास व शहरी विकास और सूडा का निदेशक और एडीबी का परियोजना निदेशक बनाया है। निदेशक वैकल्पिक ऊर्जा (उरेडा) व अपर आयुक्त कर आशीष जोशी को वर्तमान पदभार के साथ-साथ अपर सचिव पर्यटन, तीर्थाटन प्रबंधन एवं धार्मिक मेला, अपर मुख्य कार्यकारी पर्यटन विकास परिषद की जिम्मेदारी दी गई है।
अपर सचिव कृषि, जलागम तथा निदेशक प्रशासन एवं तकनीकी, राज्य परियोजना प्रबंधक (एसपीएमजी) सविन बंसल को वर्तमान पदभार के साथ-साथ अपर सचिव लघु सिंचाई, वर्षा जल संग्रहण तथा निदेशक सेवायोजन के पद पर तैनात किया गया है।