छतरपुर निवासी पूर्व सैनिक ने 14 अप्रैल को पंतनगर थाने में पत्नी और 12 वर्षीय दो बेटों की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। बताया कि तीनों बीती 11 अप्रैल की शाम चार बजे लापता हो गए थे।
महिला अपना मोबाइल फोन भी घर छोड़कर चली गई थी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने तीनों की तलाश शुरू कर दी थी। इस बीच पुलिस ने कमला का फोन रिकार्ड खंगाला तो एक संदिग्ध नंबर पर कई बार बातचीत मिलने पर उस नंबर को ट्रैस किया गया।
इस नंबर के सहारे पुलिस गोवा पहुंची तो महिला और उसके दोनों बच्चों को पवन निवासी डडगांव गोवा से बरामद किया। इसके बाद पुलिस शुक्रवार को चारों को लेकर सिडकुल चौकी पहुंची।
सिडकुल चौकी इंचार्ज केजी मठपाल ने बताया कि महिला का अपने पति से आए दिन विवाद होता था। इसी दौरान फेसबुक के जरिये उसकी पहचान गोवा में रहने वाले पवन से हुई।
बीते 11 अप्रैल को वह बच्चों को लेकर पवन के साथ गोवा चली गई थी। चौकी पहुंची महिला ने पति के साथ रहने से इनकार कर दिया और बच्चों के साथ दोस्त पवन के साथ रहने की इच्छा जताई थी।
महिला के पिता को पुलिस ने बुलाया तो महिला ने बच्चों सहित लिखित रूप में पिता के साथ रहने की बात कही। इसके बाद महिला और बच्चों को पिता के सुपुर्द कर दिया गया।