देहरादून। आयुष चिकित्सकों को ऑपरेशन का अधिकार दिए जाने के विरोध की कड़ी में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) की राज्य इकाई ने एक से 14 फरवरी तक पूरे प्रदेश में चरणबद्ध तरीके से भूख हड़ताल की चेतावनी दी है। इसके तहत प्रत्येक शाखा से 10-10 डॉक्टर अलग-अलग दिनों में भूख हड़ताल करेंगे।
चकराता रोड स्थित आईएमए सभागार में शनिवार को हुई पदाधिकारियों की बैठक के बाद पत्रकारों को इस संबंध में जानकारी दी गई। पदाधिकारियों ने बताया कि सरकार आयुष डॉक्टरों को ऑपरेशन का अधिकार तो दे रही है, लेकिन इसमें एलोपैथी की दवाओं का इस्तेमाल भी किया जाएगा। साथ ही यह मरीज के लिए दिक्कत भी पैदा कर सकती है। इस मिक्सोपैथी के खिलाफ आईएमए से जुड़े डॉक्टर प्रदेशभर में एक से 14 फरवरी तक भूख हड़ताल करेंगे। इस दौरान ओपीडी नहीं चलेगी, लेकिन आपातकालीन सेवाएं जारी रखी जाएंगी। बैठक में आईएमए के प्रदेश महासचिव डॉ. अजय खन्ना, पूर्व महासचिव डॉ. डीडी चौधरी, कोषाध्यक्ष डॉ. संजय उप्रेती, प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अरविंद शर्मा समेत कई पदाधिकारियों ने भी दूसरे जिलों से ऑनलाइन भाग लिया।
भूख हड़ताल का कार्यक्रम
एक फरवरी को अल्मोड़ा शाखा, दो फरवरी को बाजपुर (उधमसिंहनगर), तीन फरवरी को रुड़की व हरिद्वार, चार फरवरी को रुद्रप्रयाग, जसपुर व जौलीग्रांट, पांच फरवरी को काशीपुर व रुद्रपुर, छह फरवरी को खटीमा व श्रीनगर, सात फरवरी को किच्छा, सितारगंज व विकासनगर, आठ फरवरी को कोटद्वार व टिहरी, नौ फरवरी को रानीपुर (हरिद्वार), 10 फरवरी को पंतनगर, 11 फरवरी को पिथौरागढ़, 12 फरवरी को रामनगर, 13 फरवरी को रानीखेत, 14 फरवरी को ऋषिकेश एम्स से जुड़े डॉक्टर भूख हड़ताल पर रहेंगे। देहरादून शाखा के डॉक्टर 1 से 14 फरवरी तक अलग-अलग भूख हड़ताल पर रहेंगे।