देहरादून। राजपुर रोड स्थित ओल्ड मसूरी रोड पर एक सिपाही की कार की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। होटल कर्मी ओल्ड मसूरी रोड स्थित एक होटल में काम करता था। जबकि टक्कर मारने वाला सिपाही रायपुर थाने में तैनात है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों के पहुंचने के बाद आज पोस्टमार्टम की कार्रवाई होगी। फिलहाल इस संबंध में कोई तहरीर नहीं मिली है।
जानकारी के मुताबिक दोपहर करीब ढाई बजे बिहार निवासी सुशील कुमार शाहू ओल्डमसूरी रोड की तरफ से दून की तरफ आ रहा था, जबकि सिपाही रंजीत राणा अपनी कार से ओल्ड मसूरी की ओर से जा रहा था। ओल्ड मसूरी रोड पर बैंड पर अचानक स्कूटी और कार की आमने सामने टक्कर हो गई। जिससे सुशील कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे अस्पताल पहुंचाया और बाद में शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल में रख दिया। थानाध्यक्ष राजपुर मोहन सिंह ने बताया कि परिजनों को सूचित कर दिया गया है। परिजनों के आने के बाद कल पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जाएगी।