अगर आपने किसी निजी बैंक से होम लोन लिया है तो इसकी किस्त उसी ब्रांच में जमा करें, जहां से इसे स्वीकृत कराया है। नगद जमा की स्थिति में आपको 165 रुपए बतौर चार्ज जमा करने पड़ेंगे। यह चार्ज आपको प्रति 10 हजार चुकाना पड़ेगा।
यह सुनने में बेशक अच्छा न लगे, लेकिन सच है। कई निजी बैंक अपनी ही शाखा में चल रहे कर्ज केदूसरी शाखा में किस्त के नगद भुगतान पर पैसे काट रहे हैं।
दूसरी शाखाओं में डमी एकाउंट
निजी बैंकों के अधिकारियों की मानें तो लोन एकाउंट अगर मेन ब्रांच में है तो दिक्कत यह आती है कि दूसरी शाखाओं में डमी एकाउंट होता है। इन्हें भी पैसा मेन ब्रांच के लिए भेजना होता है, लिहाजा चार्ज लिया जाता है।
सरकारी बैंकों से होम लोन लेने वाले अलबत्ता राहत में हैं, क्योंकि वहां इस तरह का कोई प्रावधान नहीं। ज्यादातर बैंक सीबीएस हैं। लोन एकाउंट कहीं भी हो, किस्त का भुगतान इसकी किसी भी शाखा में कराने पर कोई समस्या नहीं होगी।
कहीं भी जमा कर सकते हैं पैसा
होम लोन की किस्त अगर नगद भुगतान की जा रही है तो जरूरी नहीं कि मेन ब्रांच में ही जाए या उसी ब्रांच में जहां से लोन स्वीकृत हुआ हो, इसे किसी भी शाखा में जमा किया जा सकता है।
रमेश कुमार, शाखा प्रबंधक, भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई)