चमोली जिले में मंगलवार को ड्यूटी पर जा रहे होमगार्ड के एक जवान पर रास्ते में घात लगाकर बैठे गुलदार ने हमला कर दिया। जवान ने गुलदार से करीब 15 मिनट तक संघर्ष कर जिंदगी की जंग जीत ली।
संघर्ष में गुलदार ने होमगार्ड के सिर, पीठ और पांव पर नाखून से गहरे घाव कर दिए हैं। आसपास के ग्रामीणों ने जवान को घायल अवस्था में सीएचसी पोखरी में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
त्रिशुला गांव निवासी होमगार्ड रणजीत सिंह पुत्र गोपी सिंह तहसील पोखरी में तैनात है। मंगलवार को वह रोज की तरह सुबह आठ बजे ड्यूटी पर आ रहा था। रास्ते में काफलपानी तोक में घात लगाकर बैठे गुलदार ने उस पर पीछे से हमला कर दिया।