आंख और त्वचा को नुकसान पहुंचा सकता है चटख रंग
होली पर चटख रंग न सिर्फ आपकी आंखों के लिए नुकसानदायक साबित हो सकता है। बल्कि एक्जिमा, इरिटेंट कॉन्टेक्ट डर्मेटाइटिस (आईसीडी), एलर्जी कॉन्टेक्ट डर्मेटाइटिस (एसीडी) जैसी गंभीर बीमारियों की संभावना भी बनी रहती है। नेत्र रोग और त्वचा रोग विशेषज्ञों के मुताबिक चटख रंगों में मौजूद जस्ता, सीसा, सिलिका, पोटेशियम, क्रोमियम जैसे खतरनाक तत्व आंख और त्वचा के लिए बेहद खतरनाक हो सकते हैं।
राजकीय दून मेडिकल कॉलेज के नेत्र रोग विभाग के प्रोफेसर डॉ. सुशील ओझा के मुताबिक होली के दौरान खतरनाक रंगों से आंखों को बचाना बहुत जरूरी है। रंगों में मौजूद खतरनाक रासायनिक तत्व आंखों में चले जाने से जलन होने लगती है। ऐसे में लोग आंखों को रगड़ देते हैं।
ये भी पढ़ें...Kedarnath: धाम में पूजा के नाम पर विदेशी दंपती से ठगी का आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने राजस्थान में घर से दबोचा
आंखों को रगड़ें नहीं, बल्कि साफ पानी से आंख को 15 से 20 मिनट तक लगातार धोएं। इसके बाद भी ठीक न हो तो नेत्र रोग विशेषज्ञ के पास जाएं। रंगों के आंखों में पड़ जाने से तुरंत सफाई न की जाए तो कई बार आंखों में समस्या बढ़ सकती है। ऐसे में बेहतर है कि होली के दौरान हर्बल रंगों का इस्तेमाल करें।