चुनाव की तिथियां घोषित होने और आदर्श आचार संहिता लागू होने के बाद रविवार को जिलाधिकारी एवं एसएसपी की अगुवाई में पुलिस प्रशासनिक अधिकारियों ने जिले में लगे राजनीतिक दलों के होर्डिंग्स-बैनर और पोस्टर हटवाए। दर्जन भर से अधिक टीमों ने घंटाघर, सर्वे चौक, चकराता रोड, आईएसबीटी, जाखन, राजपुर रोड, हरिद्वार बाइपास, शिमला बाइपास, जीएमएस रोड, ईसी रोड, सहारनपुर रोड समेत पूरे राजधानी में अभियान चलाकर होर्डिंग्स-बैनर और पोस्टर हटाए। टीमों ने राजधानी के तमाम फ्लाईओवर, सरकारी भवनों की दीवारों पर लिखे विज्ञापनों पर काला पेंट करा दिया।
जिला निर्वाचन अधिकारी/ जिलाधिकारी डॉ. आर राजेश कुमार ने अधिकारियों को सख्त हिदायत देते हुए कहा है कि आदर्श आचार संहिता का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जाए। वह स्वयं अधिकारियों के साथ राजधानी के अलावा देहात क्षेत्रों में भ्रमण कर जायजा लेंगे। यदि कहीं पर भी राजनीतिक दलों व प्रत्याशियों की ओर से बिना अनुमति के होर्डिंग्स-बैनर और पोस्टर लगे मिले तो अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। अभियान में एसएसपी जन्मेजय खंडूड़ी समेत कई अधिकारी शामिल रहे।
दावेदारों में खुद ही हटा दिए होर्डिंग्स-बैनर और पोस्टर
जिला एवं पुलिस प्रशासन की ओर से राजधानी के तमाम इलाकों में होर्डिंग, बैनर, पोस्टर बैनर हटाए जाने को लेकर अभियान शुरू किए जाने की जानकारी मिलते ही कई राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों और टिकट के संभावित दावेदारों ने प्रशासनिक टीम पहुंचने से पहले ही उनके द्वारा लगाए गए होडिंग, बैनर पोस्टर हटा दिए।
आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन करने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई
निर्वाचन आयोग के चुनाव की घोषणा होने के बाद जिले में आदर्श आदर्श आचार संहिता को लागू कर लिया गया है। जिस भी राजनीतिक दल और प्रत्याशियों व उनके समर्थकों द्वारा आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन किया जाएगा उनके खिलाफ नियमानुसार कार्यवाही सुनिश्चित कराई जाएगी। इस संबंध में निर्वाचन से जुड़ेे अधिकारियों को आदेश जारी कर दिए गया गया है।
-डॉ. आर राजेश कुमार, जिला निर्वाचन अधिकारी/ जिलाधिकारी