चीन के साथ ही नेपाल भी भारतीय सीमा पर लगातार अपनी सैन्य क्षमता बढ़ा रहा है। नेपाल के सशस्त्र प्रहरी बल (एपीएफ) ने भारतीय सीमा पर दत्तू नामक स्थान पर एक और बॉर्डर आउट पोस्ट (बीओपी) खोल दी है। अब पिथौरागढ़ जिले से लगी सीमा पर नेपाल सेना के बीओपी की संख्या छह हो गई है।
सूत्रों के अनुसार एपीएफ के डीआईजी हरिशंकर बूढ़ाथोकी ने रविवार को दत्तू में नए बीओओ का उद्घाटन किया। दत्तू में जिस स्थान पर यह बीओपी खोली गई है, वह भारत के बलुवाकोट कस्बे के ठीक सामने स्थित है। अब तक नेपाल के दुमलिंग, जौलजीबी, लाली, झूलाघाट, पंचेश्वर और रौतगाड़ में बीओपी थे।
दत्तू का बीओपी छठे नंबर का है। इस सीमा पर नेपाल की दो बटालियन भी हैं। इनमें से एक दार्चुला जबकि दूसरी छांगरू में है। सूत्रों के अनुसार नेपाल की एक और बीओपी सुनसेरा में प्रस्तावित है। सुनसेरा तवाघाट के सामने स्थित है।
माओवादियों का गढ़ था दत्तू
नेपाल के दार्चुला जिले के दत्तू में जिस स्थान पर सशस्त्र प्रहरी बल का बॉर्डर आउट पोस्ट (बीओपी) खोला गया है यह स्थान कभी माओवादियों का गढ़ था। इस स्थान पर माओवादी सबसे अधिक सक्रिय थे।