हेमकुंड साहिब यात्रा मार्ग पर मिलेगा गर्म पानी
जोशीमठ। इस बार हेमकुंड साहिब की तीर्थयात्रा पर पहुंचने वाले तीर्थयात्रियों को 15 किलोमीटर पैदल मार्ग पर जगह-जगह गर्म पानी मिलेगा। इसके लिए भ्यूंडार और घांघरिया में दो वाटर एटीएम लगाए जाएंगे। साथ ही यात्रा मार्ग पर संचालित होने वाले घोड़े-खच्चरों के लिए तीन स्थानों पर गर्म पानी की व्यवस्था होगी। हेमकुंड साहिब क्षेत्र में पड़ रही कड़ाके की ठंड को देखते हुए जल संस्थान की ओर से यह व्यवस्था करवाई जा रही है।
जल संस्थान के सहायक अभियंता अरुण गुप्ता ने बताया कि हेमकुंड साहिब यात्रा मार्ग पर गर्म पानी के दो वाटर एटीएम लगाए जाएंगे जिससे तीर्थयात्रियाें को ठंडा पानी नहीं पीना पड़ेगा। साथ ही यात्रा मार्ग पर घोड़े-खच्चरों के लिए तीन स्थानों पर गर्म पानी की चरी बनाई जाएगी। पुलना, भ्यूंडार और घांघरिया में यह व्यवस्था करवाई जा रही है। तीर्थयात्रा शुरू होने से पहले व्यवस्था हो जाएगी।