राजधानी दून व आसपास के इलाकों में दूसरे दिन भी कुछ इलाकों में जहां तेज हवाओं संग झमाझम बारिश हुई, वहीं कई ऐसे इलाके रहे जहां बूंदाबांदी तक नहीं हुई।
बसंत विहार, इंदिरानगर, कौलागढ़, प्रेमनगर, जीएमएस रोड, किशननगर, राजेंद्रनगर समेत कई इलाकों में बारिश हुई, वहीं बाकी इलाकों में बूंद तक नहीं गिरी। हालांकि, राजधानी के आसमान में दिनभर बादल छाए रहे और संभावना जताई जा रही थी कि राजधानी व आसपास के इलाकों में तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश देखने को मिलेगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। दूसरी ओर बारिश के चलते बसंत विहार समेत कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित रही। हालांकि, थोड़ी देर बाद ही बिजली आपूर्ति को बहाल कर दिया गया।
मौसम विज्ञानियों ने भी राजधानी दून में बारिश की संभावना जताई थी, लेकिन ज्यादातर इलाकों में बारिश होने के बजाय कुछ इलाकों में बारिश हुई। बारिश के चलते तापमान में गिरावट भी दर्ज की गई, लेकिन अधिकतम तापमान 34.6 डिग्री के आसपास बने रहने से बहुत अधिक राहत नहीं मिली। उधर, मौसम विज्ञानी विक्रम सिंह ने बताया कि मंगलवार को राजधानी दून के आसमान में बादल छाए रहेंगे और कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है।