राजधानी में शुक्रवार देर रात झमाझम बारिश से मौसम सुहाना हो गया। करीब एक घंटे तक हुई तेज बारिश से लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिल गई। हालांकि, कई इलाकों में जलभराव से लोगों को परेशानी भी हुई। देर रात हुई बारिश से शहर के कुछ इलाकों में लोगों को बिजली कटौती का भी सामना करना पड़ा।
मौसम विभाग ने प्रदेश में फिलहाल हल्की से मध्यम बारिश के आसार जताए हैं। ज्यादातर जगहों पर आंशिक या आमतौर पर बादल तो छाए रहेंगे, लेकिन तेज बारिश की उम्मीद कम ही है। प्रदेश में शुक्रवार को अनेक स्थानों पर हल्की बारिश हुई। राजधानी में तेज धूप खिलने से तापमान 35.4 डिग्री तक तो पहुंचा, लेकिन दिन में कुछ जगहों पर हल्की बारिश होने से शाम को तापमान में गिरावट आई। रात होते-होते गर्मी और उमस से लोग पसीने-पसीने हो गए।
गर्मी से मिली राहत
इसके बाद देर रात करीब 12 बजे दून के कई इलाकों में जोरदार बारिश हुई। देर रात तक रिमझिम बारिश का सिलसिला जारी था। करीब एक घंटे की तेज बारिश से पिछले तीन से पड़ रही भीषण गर्मी और उमस से लोगों को राहत मिल गई।
मौसम विभाग के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि प्रदेश में शनिवार को कहीं-कहीं हल्की से हल्की बारिश हो सकती है। राजधानी में बादल छाए रहेंगे। पहाड़ों में मध्यम से अधिक वर्षा हो सकती है, लेकिन कहीं भी भारी बारिश की संभावना नहीं है।