देहरादून में लगातार हो रही मूसलाधार बरसात शनिवार को आफत बन गई। जिले के पर्वतीय क्षेत्र से लेकर मैदानी हिस्सों तक में जनजीवन खासा प्रभावित हुआ है। कई जगह बिजली पानी की आपूर्ति ठप है।
जौनसार के चकराता, त्यूणी, कालसी के अलावा मसूरी क्षेत्र में कई जगह सड़क मार्ग अवरुद्ध हैं। सड़क मार्गों के अवरुद्ध होने से वहां पर आवागमन प्रभावित हो रहा है। जिले में 10 से अधिक सड़क मार्ग अवरुद्ध हैं। ऋषिकेश में गंगा का जल स्तर खतरे के निशान के करीब पहुंच गया।
देहरादून में नदियां उफान पर
शहर की रिस्पना और बिंदाल में भी पानी बढ़ने से नदियों के किनारे रहने वाले लोग खौफ में जी रहे हैं। तो शहर और उससे सटे ग्रामीण क्षेत्रों में जगह-जगह जलभराव और घरों में पानी घुसने से लोगों की मुसीबत बढ़ गई है। सड़कों पर जल भराव होने से दिनभर वाहन भी जगह-जगह फंसे नजर आए।
वहीं, राज्य की नदियों में जल स्तर बढ़ने और अत्यधिक कूड़ा करकट बढ़ने के कारण जल विद्युत गृहों में उत्पादन न्यूनतम स्तर पर पहुंच गया है। इससे बिजली का संकट भी खड़ा हो गया है। वहीं, जिले में बिजली के ट्रांसफार्मर फुंकने, ट्रांसफार्मरों और तारों पर पेड़ गिरने के कारण विद्युत आपूर्ति लगातार बाधित हो रही है। शनिवार देर रात तक जिले में ऐसे ही हालात बने थे। जिला आपदा नियंत्रण विभाग लगातार इस स्थिति पर नजर रखे हुए है।