फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बारिश और बर्फबारी से पहाड़ पर मुश्किलें बढ़ी

Fri, 07 Feb 2014 06:44 PM IST
अमर उजाला, गढ़वाल
विज्ञापन
विज्ञापन
बारिश और बर्फबारी से हालांकि काश्तकारों के चेहरे खिल उठे हैं, लेकिन इससे दुश्वारियां भी बढ़ गई है। कई स्थानों में हिमपात से सड़कें बंद हो गई। बर्फ और बारिश से पूरे गढ़वाल में शीतलहर से ठिठुरन बढ़ गई है।
विज्ञापन


बर्फबारी से जोशीमठ-औली और गोपेश्वर-चोपता मोटर मार्ग जगह-जगह अवरुद्ध हो गए हैं। औली सड़क पर छोटे वाहन बर्फ में फंस रहे हैं।

बदरीनाथ में दो फीट बर्फ
शनिवार को तड़के जोशीमठ के सुनील गांव तक बर्फबारी हुई। बदरीनाथ में करीब दो फुट बर्फ जम गई है। हेमकुंड साहिब और प्रसिद्ध हिमक्रीड़ा स्थली औली में भी करीब डेढ़ फुट बर्फ जम गई है। पोखरी के मोहनखाल, नैल, नौली, कलसीर, डाडों और डांडा गांव बर्फ से ढक गए हैं।

अलाव का सहारा
ठंड से बचने के लिए नगर पालिका जोशीमठ ने राहगीरों के लिए अलाव की व्यवस्था की है। गोपेश्वर पालिका की ओर से अलाव की व्यवस्था न होने पर लोगों को दिक्कतें उठानी पड़ रही हैं।
विज्ञापन


हाईवे पर गिरा मलबा
बारिश से बदरीनाथ हाईवे पर भूस्खलन क्षेत्र मैठाणा, बिरही, कोड़िया, मायापुर, पागलनाला और पैनी मोड़ पर चट्टान से पत्थरों और मलबे का छिटकना शुरू हो गया है। बिरही में हाईवे पर जल भराव की स्थिति पैदा हो गई है। मैठाणा में चट्टान से मलबा हाईवे पर गिर रहा है।

कैसा रहा विभिन्न जगहों का मौसम-

कर्णप्रयाग
कर्णप्रयाग में बृहस्पतिवार रात से ही आसमान में घने बादल छाने लगे थे। शुक्रवार प्रात: 8 बजे से बारिश होने लगी। बारिश से गैरसैंण क्षेत्र के दूधातोली, दिवालीखाल सहित देवाल ब्लाक के ऊंचाई वाले गांवों में बर्फबारी हुई है।

इस दौरान कर्णप्रयाग में तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। प्रात: 8 बजे नगर का पारा जहां अधिकतम 8 डिग्री और न्यूनतम 7 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं दोपहर सवा दो बजे नगर में तापमान अधिकतम 6 डिग्री दर्ज किया गया।

रुद्रप्रयाग
रुद्रप्रयाग में शुक्रवार को हुई बारिश और बर्फबारी से केदारनाथ, तुंगनाथ, चोपता, दुगलबिट्ठा, देवरियाताल, पवालीकांठा, मद्महेश्वर सहित अन्य हिमालयी चोटियां बर्फ से लकदक हो गई हैं।

टिहरी
टिहरी जिले में शुक्रवार अपराह्न धनोल्टी, देवलसारी, मुखेम, प्रतापनगर और भदूरा में बर्फबारी हुई। शुक्रवार को नई टिहरी का अधिकतम तापमान सात डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम दो डिग्री रहा।

श्रीनगर
श्रीनगर में नगर क्षेत्र में अचानक ठंड का असर तेज हो गया है। कीर्तिनगर, खिर्सू समेत देवप्रयाग की ऊंची पहाड़ियों पर बर्फबारी भी हुई है। शुक्रवार सुबह नगर क्षेत्र का न्यूनतम तापमान 10.5 डिग्री सेंग्रे रिकार्ड किया गया।

पौड़ी
पौड़ी में मौसम ठंडा होने से राठ क्षेत्र के चौरीखाल समेत ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी भी हुई। शहर का अधिकतम तापमान आठ डिग्री और न्यूनतम तीन डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है।

बंद रहेंगे स्कूल
बारिश और बर्फबारी को देखते हुए टिहरी जिला प्रशासन ने शनिवार को जिले के सरकारी और गैर सरकारी विद्यालयों में अवकाश घोषित कर दिया है।

मुख्य शिक्षा अधिकारी दिनेश चंद्र गौड़ ने बताया कि डायट और ब्लॉक मुख्यालयों पर संचालित होने वाले प्रशिक्षण और नवोदय विद्यालय की प्रवेश परीक्षा निर्धारित तिथियों पर ही होगी।
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें