जनता मिलन कार्यक्रम में मंगलवार को सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत अलग अलग अंदाज में दिखे। शिकायत करते करते एकाध फरियादी जोर-जोर से बोलते लगे, तो उन्हें सीएम ने उसी तरह से उन्हें हैंडल किया। सबसे पहले फरियाद रखने पहुंचे वाचस्पति डबराल जब मामला लंबा खींचने लगे, तो सीएम ने उन्हें टोक दिया।
कहा-डबराल जी आपकी चिट्ठी मिल गई है, भाषण न करें। सीएम ने शिकायतों को तेजी से निपटाने पर फोकस किया। सीएम के साथ जनता मिलन कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक गणेश जोशी, मेयर सुनील उनियाल गामा, भाजपा के प्रदेश महामंत्री अनिल गोयल, दून महानगर अध्यक्ष विनय गोयल भी मौजूद रहे। बीच बीच में शिकायतों के निस्तारण के लिए सीएम उन्हें भी जोड़ते रहे। कुछ शिकायतों में उन्होंने कहा कि आपके विधायक यहां है। इन्हें बताइये।
ये रहा हाल
01 सप्ताह के भीतर शिकायतों पर कार्रवाई करके बताएंगे अधिकारी
170 लोगों ने जनता मिलन में सीएम से मिलकर दर्ज कराई शिकायतें
49 आवेदन आर्थिक सहायता के आए, कार्रवाई के निर्देश हुए जारी
जनता मिलन में सीएम के अहम निर्देश
- बिजली के झूलते तारों की समस्या को पूरे प्रदेश स्तर पर दिखवाया जाए, कार्रवाई हो
- बरसात को देखते हुए हर एहतियाती कदम उठाए जाएं, शीर्ष प्राथमिकता में इसे रखें
- अतिक्रमण जहां भी लोगों की परेशानी का सबब बन रहा हो, वहां ठोस कार्रवाई हो
- जो सुझाव आए हैं, उन्हें गंभीरता से लिया जाए, राज्यहित में इन्हें क्रियान्वित भी करें
इस तरह सामने आईं शिकायतों की फेहरिस्त
बड़कोट के संजय थपलियाल के क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत कराने के आवेदन पर लोक निर्माण विभाग को इसके लिए कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। यमकेश्वर में काफी समय से वन संबंधी आपत्तियों के कारण सड़क का निर्माण रुके होने के संबंध में वन विभाग को इसकी स्टेटस रिपोर्ट देने को कहा गया। सुखबीर बटोला ने चंद्रबनी देहरादून में पानी की समस्या बताई, तो सीएम ने पेयजल विभाग को जरूरी कार्रवाई के निर्देश दिए। त्यूनी के समीप अणु में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बंद होने की शिकायत पर स्वास्थ्य विभाग को इसकी जांच कर रिपोर्ट देने को कहा गया।
मदन मोहन नेगी ने आयुष्मान कार्ड नहीं मिलने की शिकायत की, तो इसे गंभीर बताते हुए स्वास्थ्य विभाग को इस मामले की जांच कर मुख्यमंत्री कार्यालय को अवगत कराने के निर्देश दिए गए। श्याम सिंह तोमर ने स्कूल बाउंड्री के कारण संपर्क मार्ग बंद होने की शिकायत की, तो शिक्षा विभाग को इसका मौका मुआयना करने को कहा गया। युनूस ने झगड़े में गलत मेडिकल लगाए जाने की शिकायत की, तो सीएम ने जांच करने के निर्देश दिए। केवल चौहान ने भूटाणु उत्तरकाशी में सड़क की समस्या बताई, तो सीएम ने समुचित कार्रवाई के प्रति आश्वस्त किया। विमल ने शिकायत की कि वह भूमिहीन हैं, परंतु सरकारी कागजों में उसे भूमि मिलने की बात कही जा रही है। इस पर सीएम ने जांच के आदेश दिए।
अंदर जनता मिलन, बाहर हुई जोर आजमाइश
सीएम आवास में एक तरफ, जनता मिलन कार्यक्रम चल रहा था, तो गेट के बाहर जोर आजमाइश के दर्शन हो रहे थे। 108 सेवा से हटाए गए कार्मिक अपने परिजनों के साथ जनता मिलन कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पहुंचे, लेकिन उन्हें प्रवेश नहीं मिला। मेन गेट को बंद कर दिया गया। कार्मिकों ने इस पर गहरी नाराजगी जताई। इससे पहले, वे फरियादी भी जनता मिलन कार्यक्रम में भाग नहीं ले पाए, जो देर से आए थे। उन्हें कार्यक्रम स्थल में प्रवेश नहीं मिला। कई फरियादियों ने कार्यक्रम स्थल में प्रवेश न मिलने का विरोध किया और कार्यक्रम के औचित्य पर सवाल उठाए। पुलिस ने फरियादियों को समझाया।