पेयजल एमडी भजन सिंह के घोटाले के विरोध में परेड मैदान के समक्ष एक होटल में मुंडल करवाते युवजन सभा ?
प्रगतिशील समाजवादी पार्टी युवजन सभा के कार्यकर्ताओं ने पेयजल निगम में व्याप्त भ्रष्टाचार के खिलाफ सोमवार को सिर मुंडवाए। सभा ने 29 दिसंबर को मुख्यमंत्री आवास कूच का एलान किया है। जिसमें पार्टी अध्यक्ष शिवपाल यादव भी शामिल रहेंगे। सभा ने चेतावनी दी कि अगर जल्द ही भ्रष्टाचार की जांच कर एमडी को बर्खास्त नहीं किया गया तो कार्यकर्ता आत्मदाह करेंगे।
युवजन सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित जानी ने प्रेसवार्ता में कहा कि पेयजल निगम में नमामि गंगे योजना में दून में ही दो सौ करोड़ रुपये का भ्रष्टाचार हुआ है। दून में रिस्पना ट्रीटमेंट और मसूरी वाटर प्रोजेक्ट के लिए 200 करोड़ रुपये के टेंडर हुए। टेंडर में चार कंपनियों ने भाग लिया था। जिसमें से तीन कंपनियों को साजिश के तहत जानबूझकर टेक्निकल बिड के बाद बाहर कर दिया और एक कंपनी आरके इंजीनियर को ठेका देने के लिए चयनित कर लिया। जबकि यह कंपनी पहले से ही ब्लैक लिस्टेड है।
आरोप लगाया कि पेयजल निगम के एमडी के इशारों पर यह सब कुछ चल रहा है और एमडी को शासन के एक सचिव की सह मिल रही है। इस भ्रष्टाचार के विरोध में युवजन सभा कार्यकर्ता 29 दिसंबर को मुख्यमंत्री आवास कूच करेंगे। इसके बाद भी उनकी मांग पर कार्रवाई नहीं हुए तो कार्यकर्ता आत्मदाह करेंगे। इस दौरान शिवम यादव, भारत सिंह, सौरभ यादव, आशुतोष सिंह, दीपक सिसोदिया, ज्ञानेंद्र यादव, दीपक तिवारी, विशाल सिंह, अभय यादव, आकाश सागर व रामजी यादव मौजूद थे।