हरिद्वार में सीपीयू के एक हेड कांस्टेबल ने उत्तराखंड पुलिस महकमे को शर्मसार कर डाला। शराब के नशे में धुत हेड कांस्टेबल ने ड्यूटीरत महिला कांस्टेबल से गाली-गलौच कर जबरन दरवाजा खुलवाने का प्रयास किया।
महिला कांस्टेबल के बुलाने पर पहुंची प्रकोष्ठ प्रभारी महिला एसआई से भी आरोपी ने गाली गलौच करते हुए हाथापाई कर दी। साथ ही मोबाइल फोन छीनकर पटक दिया। पीड़ित महिला कांस्टेबल की तहरीर पर हेड कांस्टेबल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। एसएसपी ने आरोपी हेड कांस्टेबल को निलंबित कर जांच सीओ सदर को सौंप दी है।
घटना प्राचीन अवधूत मंडल आश्रम कैंपस में शुक्रवार देर रात की है। कैंपस में सीपीयू का कार्यालय है। हेड कांस्टेबल मयंक सिंह रौतेला भी कैंपस के एक कमरे में रहता है। उसी कैंपस में महिला सुरक्षा से जुड़े एक प्रकोष्ठ का भी दफ्तर है। उस कार्यालय में राउंड द क्लॉक महिला पुलिसकर्मी भी तैनात रहती हैं।
आरोप है कि देर रात सीपीयू का हेड कांस्टेबल मयंक सिंह रौतेला शराब के नशे में धुत होकर उस कार्यालय के बाहर पहुंचा और दरवाजा खोलने को कहा। महिला पुलिसकर्मी ने जब दरवाजा नहीं खोला तो हेड कांस्टेबल ने गाली गलौच शुरू कर दी।