विकासनगर। मुख्य बाजार में कार पर करतब करना एक युवक पर भारी पड़ गया। पुलिस ने युवक को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने एमवी एक्ट के तहत कार को सीज कर दिया है।
जानकारी के अनुसार एक कार बाजार से गुजर रही थी। कार की खिड़की से बाहर निकलकर एक युवक करतब कर रहा था। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। एसपी देहात रेनू लोहानी ने बाजार चौकी प्रभारी वैभव गुप्ता को कार को चिह्नित कर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले युवक पर कार्रवाई के निर्देश दिए।
कोतवाली प्रभारी विनोद गुसाईं ने बताया कि युवक को बृहस्पतिवार रात को पुलिस ने हिरासत में लिया। युवक ने अपना नाम हरियाणा के करनाल निवासी संजीव बताया। बताया कि वह साथियों के साथ शादी में सजावट के लिए फूल की आपूर्ति करने आया था। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि पुलिस ने एमवी एक्ट के तहत कार को सीज कर दिया है।