हरियाणा खाद्य निगम का गेहूं देहरादून स्थित एक आटा चक्की में पिसने के लिए आया तो वहां मौजूद लोग हैरान रह गए।
विभाग में हड़कंप
हरियाणा खाद्य निगम का 23 क्विंटल गेहूं राजधानी के मच्छी बाजार की एक आटा चक्की में पिसने के लिए आया है। यह सूचना किसी ने डीएसओ को दी तो विभाग में हड़कंप मच गया।
कुछ ही देर में सप्लाई इंस्पेक्टर मौके पर पहुंचे और गेहूं के बोरों को सीज कर दिया। आटा चक्की के मालिक पर कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि ट्रांसपोर्ट नगर स्थित एफसीआई के गोदाम से ही खेल किया गया है।
बुधवार सुबह मच्छी बाजार स्थित सुरेश आटा चक्की में लोग गेहूं पिसाने आए थे। इसी दौरान एक ग्राहक की नजर कुछ बोरों पर गई। बोरों पर हरियाणा खाद्य निगम की सीलें लगी थी। उसने इसकी जानकारी जिला पूर्ति अधिकारी को दे दी।
कोतवाली में मुकदमा दर्ज
शाम को डीएसओ की तहरीर पर चक्की मालिक सुरेश कुमार के खिलाफ शहर कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया। डीएसओ श्याम आर्य ने बताया कि सूचना मिलते ही छापेमारी की गई। यह पता लगाया जा रहा है कि गेहूं चक्की तक कैसे पहुंचा।
मिलीभगत से माफिया की मौज
पिछले माह भी लोगों की शिकायत पर 19 बोरा गेहूं हरियाणा खाद्य निगम का पकड़ा गया था। लेकिन पूर्ति विभाग ने लीपापोती करके मामले को रफादफा कर दिया।
सूत्रों का कहना है कि जिला पूर्ति विभाग और एफसीआई के अधिकारियों एवं कर्मचारियों से मिलकर ही राशन माफिया सरकारी अनाज को बाजार में बेच रहे हैं। हर माह गरीबों का सैकड़ों क्विंटल अनाज खुले बाजार में बेच दिया जाता है। इस वजह से हजारों लोग सस्ते अनाज से वंचित हो जाते हैं।
फेसबुक पर राय देने के लिए क्लिक करें...