हरिद्वार सांसद रमेश पोखरियाल निशंक के बयान पर सीएम हरीश रावत ने जबरदस्त पलटवार किया है। रावत ने कहा कि बोलने से पहले तौलना जरूरी है। निशंक के पास यदि पक्की सूचना है तो बताएं कि किस मंत्री का खाता स्विस बैंक में है।
रानी पोखरी में आयोजित एक कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि निशंक हरिद्वार से सांसद हैं, उन्हें सांसद की गरिमा का ज्ञान होना चाहिए। यह बताना चाहिए कि उत्तराखंड से आखिर कौन मंत्री है, जिसका खाता स्विस बैंक में है।
यदि वह नाम नहीं बताते तो इतनी हल्की बात कहकर सांसद की प्रतिष्ठा को धूमिल ना करें और सार्वजनिक रूप से जनता से अपने इस बयान के लिए माफी मांगें। ज्ञात हो कि विगत दिवस एक कार्यक्रम में निशंक ने राज्य के किसी व्यक्ति का स्विस बैंक में खाता होने की बात कही थी, लेकिन निशंक ने कई बार पूछने पर भी नाम का खुलासा नहीं किया था।
जवाब देने से बचते रहे निशंक
हरीश के पलटवार करते ही निशंक जवाब देने के लिए सामने आने से बचते रहे। उनके मोबाइल पर फोन किया, लेकिन पिक नहीं हुआ। हरीश के तीखे बयान का जवाब देने के लिए मैनेजमेंट शुरू हो गया और भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता सुरेश जोशी को आगे कर दिया गया। जबकि शुरुआत खुद निशंक ने की थी।