प्रधानमंत्री और गृहमंत्री का उत्तराखंड से विशेष लगाव: सीएम
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री और गृहमंत्री की सही नीति और नीयत से देश आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री और गृहमंत्री का उत्तराखंड से विशेष लगाव है। गृहमंत्री अमित शाह द्वारा शुरू की गई योजनाओं का लाभ उत्तराखंड के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक अवश्य पहुंचेगा। सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि गृहमंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन एवं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सहकारी समितियां पूर्ण रूप से ऑनलाइन हो गई हैं। दीनदयाल उपाध्याय किसान कल्याण योजना के तहत 7 लाख 80 हजार किसानों को ब्याज मुक्त ऋण दिया जा चुका है। सांसद डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक ने कहा कि डिजिटल इंडिया के क्षेत्र में भारत तेजी से आगे बढ़ा है। आत्मनिर्भर हो रहा है। इस दौरान कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, राज्यसभा सदस्य कल्पना सैनी, नरेश बसंल, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, विधायक मदन कौशिक, प्रदीप बत्रा, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष प्रदीप कुमार, सहकारिता सचिव बीवीआर पुरुषोत्तम समेत कई नेता एवं अधिकारी मौजूद रहे।
राष्ट्रीय सहकारिता यूनिवर्सिटी और सहकारिता डाटा बेस बनेगा: शाह
केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में राष्ट्रीय सहकारिता यूनिवर्सिटी बनाई जा रही है। राष्ट्रीय सहकारिता डाटा बेस भी तैयार किया जा रहा है। बीजों के उत्पादन और किसानों के उत्पादों के निर्यात के लिए मल्टी स्टेट कोआपरेटिव बनाए गए हैं। सहकारिता नीति भी बनाई जा रही है। कहा कि आने वाले समय में गांवों में पेयजल व्यवस्था का कार्य भी समितियों को सौंप सकते हैं। उन्होंने कहा कि छोटी जोत वाले किसानों को पशुपालन, मत्स्य पालन एवं अन्य व्यवसायों से जोड़ने का कार्य किया गया है। कोआपरेटिव के माध्यम से किसानों की आय दोगुनी करने के लक्ष्य की दिशा में तेजी से बढ़ रहे हैं। केंद्र सरकार ने सहकारिता के क्षेत्र में जितने भी इनिसिएटिव लिए हैं उत्तराखंड सरकार ने सभी को धरातल पर उतारकर देवभूमि के छोटे किसानों के भले के लिए कार्य किया है।
सराहनीय कार्य करने वाले किसान सम्मानित
केंद्रीय सहकारिता मंत्री अमित शाह ने राज्य में कृषि एवं औद्यानिकी क्षेत्र में सराहनीय कार्य कर रहे किसानों को सम्मानित भी किया। दीनदयाल उपाध्याय किसान कल्याण योजना के लाभार्थियों को बिना ब्याज के ऋण का चेक वितरण किए। सहकारिता मंत्री ने मुख्यमंत्री घस्यारी कल्याण योजना, संयुक्त सहकारी खेती एवं बहुउद्दश्यीय सहकारिता समितियों के कम्यूटरीकरण पर आधारित डाक्यूमेंटरी का अवलोकन भी किया।