अखिल भारतीय वैष्णव अखाड़ा परिषद के पदाधिकारियों ने पतंजलि योगपीठ पहुंचकर आचार्य बालकृष्ण से मुलाकात की। संतों ने योग गुरु बाबा रामदेव और आचार्य बालकृष्ण के आयुर्वेदिक दवाओं को समर्थन दिया। संतों ने आचार्य बालकृष्ण का शॉल ओढ़ाकर सम्मान भी किया।
विज्ञापन
अखिल भारतीय श्रीपंच निर्मोही अणि अखाड़ा अध्यक्ष श्रीमहंत राजेंद्र दास ने कहा कि योग गुरु बाबा रामदेव और आचार्य बालकृष्ण ने योग एवं आयुर्वेद के माध्यम से पूरे विश्व में भारत का मान बढ़ाया है। योग और आयुर्वेद चिकित्सा प्राचीनकाल से ही भारत में प्रचलित है। जिनका व्यक्ति के शरीर पर कोई दुष्प्रभाव नहीं पड़ता। कोरोना महामारी के दौरान पतंजलि योगपीठ की ओर से निर्मित दवाओं से लाखों लोग ठीक हुए हैं। ऐसे में आयुर्वेद पर सवाल उठाना बिल्कुल भी ठीक नहीं है।
अखिल भारतीय श्रीपंच निर्वाणी अणि अखाड़ा अध्यक्ष श्रीमहंत धर्मदास ने कहा कि योग गुरु बाबा रामदेव एवं आचार्य बालकृष्ण आयुर्वेद चिकित्सा प्रणाली से स्वास्थ्य के क्षेत्र में अहम योगदान प्रदान कर रहे हैं। महामंडलेश्वर सांवरिया बाबा ने कहा कि योग गुरु बाबा रामदेव एवं आचार्य बालकृष्ण भारत की शान हैं।
पतंजलि योगपीठ के महामंत्री आचार्य बालकृष्ण ने कहा कि भारतीय ऋषि मुनियों द्वारा प्रणीत योग व आयुर्वेद चिकित्सा पद्धति को विश्व अपना रहा है। असाध्य रोगों के उपचार में भी योग व आयुर्वेद पूरी तरह कारगर है। योग व आयुर्वेद पर पतंजलि योगपीठ की ओर से किए जा रहे अनुसंधानों का लाभ देश दुनिया को मिल रहा है। इस दौरान महंत मोहनदास खाकी, महंत रामजीदास, सांवरिया बाबा, महंत अगस्त दास, महंत मनीष दास, महंत नरेंद्र दास, ब्रहमांड गुरु अनंत महाप्रभु, महंत बिहारी शरण दास आदि शामिल रहे।
एलोपैथी चिकित्सकों का हौसला बढ़ाएं
महिला कांग्रेस की महानगर अध्यक्ष अंजू मिश्रा ने योग गुरु स्वामी रामदेव की ओर से एलोपैथी एवं इससे जुड़े चिकित्सकों पर की गई टिप्पणी की निंदा की है। अंजू मिश्रा ने कहा कि इस समय पूरा देश कोरोना महामारी से जूझ रहा है। हजारों लोगों की मौतें हो रही हैं। हजारों लोग कोरोना संक्रमित हैं। ऐसे में योग गुरु स्वामी रामदेव जैसे व्यक्तित्व से यह उम्मीद नहीं की जा सकती कि वह चिकित्सकों को हतोत्साहित करेंगे। बाबा रामदेव को चिकित्सकों को प्रोत्साहित करना चाहिए। चिकित्सकों का धन्यवाद करना चाहिए जो अपनी जान जोखिम में डालकर लोगों की जिंदगी बचाने में जुटे हुए हैं।