हरिद्वार जेल में खाने के विवाद को लेकर सामूहिक दुष्कर्म के आरोप में बंद दो सगे भाईयों और बंदी रक्षकों के बीच विवाद हो गया। इसमें दोनों आरोपी भाईयों को गहरी चोर बताई जा रही है। दुष्कर्म के आरोपियों के पिता ने सिडकुल थाने में पांच बंदी रक्षकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
लक्सर थाना क्षेत्र के गांव मायाखाली खुर्द निवासी जुनैद और शोएब को सामूहिक दुष्कर्म के मामले में लक्सर पुलिस ने 2020 में जेल भेजे थे। आरोपियों के पिता ने बताया कि उनके पुत्र जिला कारागार में बंद हैं। 13 जनवरी को वे अपने बेटों से जेल में मिलने पहुंचे तो उन्होंने उनकी खाने को लेकर कुछ कहासुनी हो गई थी।
इसके बाद बंदी रक्षक देवेंद्र रावत, मुकेश चौहान, कुलदीप सिंह, रोशन सिंह, पुष्पेंद्र सिंह प्रथम ने उनके साथ मारपीट की है। मारपीट में जुनेद के आंख और कान पर चोट आई है। इसके लिए जुनैद को जिला कारागार के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
परिजनों का आरोप है कि बेटे को सुनाई देना बंद हो गया है। आरोपियों के पिता ने सिडकुल थाने में तहरीर देकर पांचों बंदी रक्षकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। वहीं जेल प्रशासन ने पांचों को कहीं ओर तैनात कर दिया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
बता दें कि हरिद्वार जेल में हाल ही में कैदियों द्वारा एक बंदी रक्षक की पिटाई का मामला सामने आया था। वहीं, कैदियों ने धारदार हथियार से बंदी रक्षक पर हमला भी किया था। इसके बाद पीड़ित बंदी रक्षक ने चार कैदियों के खिलाफ सिडकुल थाने में मुकदमा दर्ज कराया था।
खाने के विवाद को लेकर एक सप्ताह पूर्व बंदी रक्षकों और सामूहिक दुष्कर्म के आरोपी दो भाईयों के बीच कहासुनी हो गई थी। घटना के बाद ही कोर्ट और जेल प्रशासन के आला अफसरों को अवगत करा दिया गया था।
- शिव मूरत सिंह, जेल अधीक्षक हरिद्वार