उत्तर रेलवे मुख्यालय की ओर से रेलवे बोर्ड को भेजे गए प्रस्ताव में देहरादून-हावड़ा (उपासना) एक्सप्रेस को देहरादून से प्रतिदिन संचालित किए जाने का अनुरोध किया गया है। इससे पूर्व उपासना एक्सप्रेस सिर्फ दो दिन देहरादून से रवाना की जाती थी। पांच दिन इसका संचालन हरिद्वार से होता था।
फिलहाल इसे देहरादून से संचालित किया जाएगा। अधिकारियों के मुताबिक देहरादून से हावड़ा के बीच में संचालित हावड़ा एक्सप्रेस को देहरादून के बजाय न्यू ऋषिकेश से संचालित किया जाएगा। इससे पूर्व देहरादून-हावड़ा एक्सप्रेस देहरादून से संचालित होती थी। महाकुंभ के मद्देनजर इसे न्यू ऋषिकेश से संचालित किए जाने का प्रस्ताव तैयार किया गया है।
ट्रेनों में लगाए जाएंगे अतिरिक्त कोच
महाकुंभ के दौरान तीर्थयात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए रेलवे मंडल मुख्यालय की ओर से ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाने लगाए जाने का प्रस्ताव तैयार किया गया है।
अधिकारियों के मुताबिक नंदा देवी एक्सप्रेस में एक, जनशताब्दी में पांच, उज्जैनी एक्सप्रेस में दो, इंदौर एक्सप्रेस में दो, दून-हावड़ा में एक, राप्ती गंगा में तीन, गोरखपुर-देहरादून राप्ती गंगा में तीन, काठगोदाम एक्सप्रेस मे छह अतिरिक्त कोच लगाए जाएंगे। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक देहरादून से संचालित होने वाली सभी ट्रेनों में कुल 18 कोच लगाए जाएंगे। इसमें आईसीएफ और एलएचबी कोच शामिल हैं।
हरिद्वार से संचालित होंगी 22 मेमू
उत्तर रेलवे की ओर से रेलवे बोर्ड को भेजे गए प्रस्ताव में 22 मेमू ट्रेन को भी संचालित किए जाने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। जो हरिद्वार से विभिन्न स्थानों के लिए संचालित की जाएंगी।
देहरादून से वाराणसी जाने वाले यात्रियों के लिए यह खबर राहत देने वाली है। कोरोना संकट के चलते पिछले साल 22 मार्च से बंद देहरादून-वाराणसी जनता एक्सप्रेस के संचालन को रेलवे बोर्ड ने मंजूरी दे दी है। ट्रेन का संचालन 11 जनवरी से किया जाएगा।
जनता एक्सप्रेस के संचालन से देहरादून से मुरादाबाद, बरेली, लखनऊ, रायबरेली, प्रतापगढ़, वाराणसी जाने वाले यात्रियों को राहत मिलेगी। स्टेशन अधीक्षक (परिचालन) सीताराम शंकर ने बताया कि रेलवे बोर्ड की ओर से ट्रेन को संचालित किए जाने को हरी झंडी दे दी गई है।
जनता एक्सप्रेस 10 जनवरी को वाराणसी से देहरादून के लिए संचालित की जाएगी। जबकि, 11 जनवरी को दून से वाराणसी के लिए रवाना किया जाएगा। बता दें कि उत्तर रेलवे की ओर से महाकुंभ के मद्देनजर देहरादून से संचालित होने वाली देहरादून-वाराणसी जनता एक्सप्रेस, देहरादून-प्रयागराज लिंक एक्सप्रेस, देहरादून-हावड़ा उपासना एक्सप्रेस, देहरादून-इंदौर एक्सप्रेस, देहरादून-उज्जैन एक्सप्रेस, देहरादून-काठगोदाम एक्सप्रेस समेत आठ ट्रेनों के संचालन को लेकर प्रस्ताव भेजा गया था। फिलहाल रेलवे बोर्ड ने देहरादून-वाराणसी जनता एक्सप्रेस के संचालन को मंजूरी दी है।
बता दें कि फिलहाल देहरादून रेलवे स्टेशन से देहरादून-नई दिल्ली शताब्दी और जनशताब्दी के अलावा देहरादून-प्रयागराज लिंक एक्सप्रेस, देहरादून-पुरानी दिल्ली मसूरी एक्सप्रेस, देहरादून-कोटा नंदा देवी एक्सप्रेस, देहरादून-काठगोदाम जनशताब्दी एक्सप्रेस जैसी ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है।