मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिडला रविवार को हरिद्वार में हैं। मुख्यमंत्री ने ऋषिकुल आयुर्वेदिक महाविद्यालय सभागार में महाकुंभ के अवसर पर आयोजित होने वाले नेत्रकुंभ का शुभारंभ किया। जबकि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिडला कनखल स्थित हरिहर आश्रम में पहुंचे हैं।
रविवार को मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत अपने निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार हरिद्वार राजकीय ऋषिकुल आयुर्वेदिक महाविद्यालय के मदन मोहन मालवीय ऑडिटोरियम में नेत्रकुंभ के उद्घाटन कार्यक्रम में पहुंचे। नेत्रकुंभ सक्षम संस्था की ओर से आयोजित किया जा रहा है। आज तीसरे शिविर का उद्घाटन हुआ है। शिविर में संतों और श्रद्धालुओं के निशुल्क जांच के बाद चश्मा दिया जाएगा। शिविर कुंभ कार्यकाल के दौरान चलेगा।
आज के कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक, जूना पीठाधीश्व अवधेशानन्द गिरी, अखिल भारतीय आखड़ा परिषद अध्यक्ष श्रीमहंत नरेंद्र गिरी, आचार्य बालकृष्ण, माता मंगला और सक्षम के आयोजक शामिल रहे। नेत्रकुंभ का आयोजन सक्षम (समदृष्टि, क्षमता विकास एवं अनुसंधान मंडल) की ओर से किया जा रहा है।
सक्षम की ओर से सात जगहों पर नेत्र शिविर लगाए जाने हैं। इनमें दिव्य प्रेम सेवा मिशन में शुक्रवार और शांतिकुंज में शनिवार को नेत्र कुंभ शिविर शुरू हो चुके हैं। इसके बाद मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत कनखल स्थित जूना पीठाश्वर आचार्य महामंडलेश्वर अवधेशानंद गिरी के हरिहर आश्रम पहुंचे। वहां उन्होंने आश्रम में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिडला से भेंट वार्ता की।
मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने रविवार को पंचायती अखाड़ा श्री निरंजनी पहुंचकर संतों का आशीर्वाद लिया। साथ ही हरिहर आश्रम में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला से भी मुलाकात की। सीएम ने लोकसभा अध्यक्ष को महाकुंभ में आने का न्योता दिया।
अखाड़ा सचिव श्रीमहंत रवींद्र पुरी, श्रीमहंत राम रतन गिरि, अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमहंत नरेंद्र गिरि, निरंजन पीठाधीश्वर स्वामी कैलाशानंद गिरि और आनंद अखाड़े के आचार्य महामंडलेश्वर बालकानंद गिरि ने उनका स्वागत किया। श्रीमहंत रविंद्र पुरी ने कहा कि कुंभ की दृष्टि से लिए गए फैसलों से सीएम ने संतों का दिल जीत लिया है। पहले शाही स्नान पर हरकी पैड़ी पर संतों का स्वागत और अब अखाड़ा पहुंचकर संतों का सम्मान बढ़ाया है। संतों और आम श्रद्धालुओं के लिए सुविधाओं का विस्तार होने से कुंभ दिव्य और भव्य होगा।
श्रीमहंत नरेंद्र गिरि ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में कुंभ मेला सकुशल संपन्न होगा। मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने कहा कि संतों की भावनाओं का पूरा सम्मान किया जाएगा। इस दौरान दर्जाधारी संजय सहगल, पूर्व मेयर मनोज गर्ग और पंकज सहगल ने भी सीएम का स्वागत किया।
निरंजनी अखाड़े के संतों ने सीएम को मनसा देवी की मूर्ति और शॉल भेंटकर आशीर्वाद दिया। इसके बाद सीएम रावत भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक के साथ कनखल स्थित हरिहर आश्रम पहुंचे। यहां लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला से मुलाकात की और सपरिवार कुंभ स्नान का न्योता दिया। जूना पीठाधीश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरि ने पूजा कराई। सीएम के साथ उनकी पत्नी रश्मि त्यागी रावत भी मौजूद रहीं।