इसी दौरान रास्ते में सार्वजनिक स्थल पर उसका जैकेट मिला तो उनके होश उड़ गए। परिजन ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस की सूचना पर वन विभाग के कर्मचारी भी पहुंच गए। गुलदार के हमले की आशंका के मद्देनजर वन विभाग, पुलिस फोर्स एवं ग्रामीणों ने वेस्टर्न गेट से सटे जंगल में तलाश शुरू कर दी, जहां कुछ ही दूरी पर सुरकम का क्षत-विक्षत शव मिला।
उसका मुंह एवं गले का हिस्सा बुरी तरह खाया हुआ था और एक पांव का हिस्सा भी गायब था। कोतवाली प्रभारी शंकर सिंह बिष्ट ने बताया कि मजदूर को गुलदार ने हमला कर मारा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
पौड़ी में क्रिकेट मैच देखने जा रहे एक व्यक्ति पर भालू ने हमला कर उसे घायल कर दिया। घायल व्यक्ति को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय पौड़ी लाया गया है। शनिवार को विकासखंड कोट के खोन गांव निवासी देवेंद्र सिंह (उम्र 42) मंजाकोट में आयोजित हो रहे क्रिकेट मैच को देखने जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में कोलू नामक स्थान के समीप भालू ने देवेंद्र पर हमला कर दिया।
इसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। नायब तहसीलदार रामपाल सिंह रावत ने बताया कि भालू के हमले में घायल देवेंद्र को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि हमले में घायल के मुंह, सिर, हाथ-पैर पर चोटें आई हैं। घटना की जानकारी उच्चाधिकारियों व वन विभाग को दे दी गई है।
उत्तरकाशी के उडरी गांव में घास काटने जंगल गई गांव की एक महिला पर हमला कर जंगली सूअर ने उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल महिला को लंबगांव अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए देहरादून रेफर किया गया।
उडरी गांव के प्रधान भागचंद बिष्ट ने बताया कि गांव के विक्रम सिंह रावत की पत्नी रजनी देवी (35) शनिवार सुबह गांव की अन्य महिलाओं के साथ घास लेने जंगल गई थी। इस दौरान एक जंगली सुअर ने अचानक उस पर हमला कर दिया। सुअर के हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।
घायल महिला को ग्रामीणों ने लंबगांव अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार देकर हायर सेंटर देहरादून रेफर कर दिया। क्षेत्र के भाजपा मंडल अध्यक्ष दिनेश रावत, अमित असवाल, केदार सिंह आदि ग्रामीणों ने इस संबंध में वन विभाग को सूचना देकर पीड़ित परिवार को आर्थिक मदद मुहैया कराने की मांग की है।