कुंभ मेला आईजी संजय गुंज्याल ने कहा कि गौरीशंकर नीलधारा में साधुओं के टेंट आदि लगवाने के लिए जगह चिह्नित करें और वहीं पर ही साधुओं के टेंट लगवाएं जाएं। घाटों पर स्नान के लिए गंगाजल का स्तर पर्याप्त नही है। संबंधित विभाग से वार्ता करके जल की व्यवस्था करवाई जाई।
मेला नियंत्रण भवन के सभागार में शुक्रवार को कुंभ मेला आईजी संजय गुंज्याल, एसएसपी कुंभ जन्मेजय खंडूरी एवं एसएसपी हरिद्वार सेंथिल अबुदई कृष्णराज एस ने सेक्टर प्रभारियों के साथ बैठक की। बैठक में उन सेक्टर पुलिस प्रभारियों को बुलाया गया था, जिनके यहां मुख्य-मुख्य पार्किंग, पैदल मार्ग और महत्वपूर्ण घाट स्थित हैं। मीटिंग के दौरान उपस्थित समस्त सेक्टर प्रभारियों को निर्देशित किया गया कि जिन घाटों पर उद्घोषणा यंत्र नही हैं वहां-वहां यंत्र लगवाएं जाएं।
घाटों, पार्किंगों, रास्तों में शुक्रवार से ही पर्याप्त संख्या में सही संदेश और दिशा-निर्देश देने वाले साइन बोर्ड लगवाएं। घाटों पर बड़े स्क्रीन लगवाने के लिए सही जगह चिह्नित करें। उन्होंने चंडीघाट चौकी के पास बनने वाले रैंप को संबंधित विभाग से तालमेल बनाकर सुरक्षित और जल्द से जल्द बनवाने के आदेश भी दिए। उन्होंने कहा कि शाही स्नान के दिन नीलधारा गौरीशंकर की तरफ से आने वाले श्रद्धालुओं को अधिक से अधिक संख्या में प्रयास करके चंडीघाट के आसपास के घाटों पर ही स्नान कराने के लिए रणनीति बनाई जाए। सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि अपने-अपने सेक्टर का रंगीन गूगल मैप बना सोमवार को होने वाली बैठक में उसके माध्यम से व्यवस्थाओं की जानकारी देंगे।