सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि कोरोना का टीका पूरी तरह से सुरक्षित है। इससे घबराने की जरूरत नहीं है। शुक्रवार को कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने राजकीय दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल के नए ओपीडी भवन पहुंचकर कोरोना टीके की पहले खुराक लगवाई।
डॉक्टरों ने टीका लगाने के बाद उन्हें प्रोटोकॉल के मुताबिक, आधा घंटे ऑब्जर्वेशन कक्ष में रखा। इस दौरान उन्हें टीके का किसी तरह का दुष्प्रभाव नहीं हुआ। इस बीच उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय नेतृत्व की दूरदर्शिता का ही परिणाम है कि भारत में न सिर्फ कोरोना का स्वदेशी टीका विकसित किया गया, बल्कि 27 से अधिक देशों को भारत कोरोना का टीका उपलब्ध करा रहा है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि बिना घबराए और पूर्वाग्रह के कोरोना का टीका लगाएं।
अल्मोड़ा में शुक्रवार से शुरू होने वाली राज्य स्तरीय महिला हॉकी प्रतियोगिता में कोरोना वायरस रोड़ा बन गया। प्रतियोगिता के लिए आईं काशीपुर की चार, हल्द्वानी और देहरादून की एक-एक महिला खिलाड़ी की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद शुक्रवार को प्रतियोगिता स्थगित कर दी गई। सभी पॉजिटिव खिलाड़ियों को आइसोलेट कर दिया गया है। अब शनिवार से प्रतियोगिता शुरू होगी।
अल्मोड़ा में शुक्रवार को जिला प्रशासन और विक्टोरिया क्लब की ओर से राज्य स्तरीय 7-ए साइट महिला हॉकी प्रतियोगिता का शुभारंभ होना था। प्रतियोगिता में प्रदेश भर से टीमें प्रतिभाग कर रही थीं। विक्टोरिया क्लब के अध्यक्ष मनोज सिंह पवार ने बताया कि दो खिलाड़ियों में संक्रमण की पुष्टि होने के बाद उन्हें आइसोलेट करवा दिया गया और अन्य खिलाड़ियों की जांच करवाई गई। देर शाम काशीपुर की दो और खिलाड़ियों की रिपोर्ट पॉजिटिव आ गई। वहीं हल्द्वानी और देहरादून की एक-एक खिलाड़ी भी संक्रमित निकलीं।