रुड़की में ट्रैक्टर-ट्रॉली पर बैठकर तटबंध के रास्ते खेत से घर लौटते समय एक परिवार हादसे का शिकार हो गया। ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर तटबंध से नीचे जा गिरी और उसके नीचे दबकर दो बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि एक महिला समेत तीन लोग घायल हो गए। एक मृतक सहारनपुर से अपनी ननिहाल आया था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल भेजा, जहां महिला की हालत नाजुक बताई जा रही है। हादसे की सूचना मिलते दोनों परिवारों में कोहराम मच गया।
रविवार को रणजीतपुर-जसपुर गांव निवासी प्रमोद परिवार के कुछ बच्चों और पत्नी के साथ ट्रैक्टर-ट्रॉली से गांव के पास ही खेत पर गए थे। दोपहर में सभी लोग गंगा तटबंध के रास्ते ट्रैक्टर-ट्रॉली से घर लौट रहे थे। इसी बीच ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर तटबंध से नीचे जा गिरी। हादसे में ट्रैक्टर के नीचे दबकर नंदिनी (5) पुत्री प्रमोद और ननिहाल आए दीपांशु (10) पुत्र अमित निवासी रायचंदवाला थाना बड़गांव जिला सहारनपुर की मौके पर ही मौत हो गई।
जबकि राधा पत्नी प्रमोद, अंकेश (16) पुत्र प्रमोद और गांव का एक अन्य युवक दीपक (18) पुत्र दयाराम घायल हो गए। उनकी की चीख पुकार सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे लोग मौके की ओर दौड़ पड़े। ट्रैक्टर के नीचे दबे बच्चों और महिला को देख उनके होश उड़ गए। शोर सुनकर ग्रामीण भी तटबंध की ओर दौड़े।
मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से मृतकों और घायलों को ट्रैक्टर के नीचे से निकालकर अस्पताल भेजा। यहां राधा की हालत गंभीर बताई जा रही है। उधर, हादसे में दो मासूमों की मौत से रणजीतपुर-जसपुर गांव में मातम पसर गया। मृतकों और घायलों के परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। भिक्कमपुर पुलिस चौकी प्रभारी आशीष शर्मा का कहना है कि शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी की जा रही है।