मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चंपावत से वर्चुअल माध्यम से नगर निगम सभागार देहरादून में आजादी के अमृत महोत्सव के तहत हर घर तिरंगा अभियान का शुभारंभ किया। शुक्रवार को शहरी विकास विभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रम में राज्य के 102 शहरी निकायों के अधिकारी भी वर्चुअल माध्यम से जुड़े। वहीं शनिवार को भी सीएम धामी ने कार्यकर्ताओं के साथ तिरंगा यात्रा निकाली।
कार्यक्रम में युवाओं ने देश भक्ति पर आधारित विभिन्न प्रस्तुतियां दीं। इसके साथ ही आजादी के अमृत महोत्सव पर आधारित एक डॉक्यूमेंट्री का प्रदर्शन भी किया गया। इस दौरान झंडा वितरण कार्यक्रम भी शुरू किया गया। इस मौके पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव के तहत अभी तक साठ हजार से अधिक कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं।
आजादी के अमृत महोत्सव के अवसर पर जहां एक ओर हम देश की उपलब्धियां गिना रहे हैं, वहीं दूसरी ओर हम अपने महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, शहीदों को भी याद कर रहे हैं। इस दौरान हर घर तिरंगा कार्यक्रम के प्रति लोगों में खासा उत्साह है। प्रधानमंत्री की प्रेरणा से हर घर तिरंगा अभियान जन अभियान बन चुका है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में 20 लाख घरों में तिरंगा वितरण का लक्ष्य रखा है। उन्होंने विशेष रूप से शहरी क्षेत्रों की सफाई पर भी ध्यान देने के निर्देश दिए। साथ ही कार्यक्रम में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, शहीदों एवं राज्य आंदोलनकारियों के परिवारों की भागीदारी भी सुनिश्चित करने के लिए कहा।
इस मौके पर कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान को जन अभियान बनाना है। इस वर्ष का स्वतंत्रता दिवस विशेष महत्व रखता है। हम आजादी की 75वीं वर्षगांठ मना रहे हैं। शहरी विकास विभाग ने लगभग 5.5 लाख तिरंगे झंडे उपलब्ध करवाने का प्रयास किया है।
ये भी पढ़ें...हथियारों का सौदागर: लाइसेंसी बंदूकें और कारतूस बेचते-बेचते बन गया तस्कर, यहां है रॉयल आर्म्स के नाम से दुकान
विधायक खजान दास ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान में हर नागरिक की भागीदारी आवश्यक है। मेयर देहरादून सुनील उनियाल गामा ने कहा कि हर घर तिरंगा कार्यक्रम के तहत नगर निगम की ओर से एक लाख सत्तर हजार तिरंगे वितरित किए जाएंगे।