- कार्रवाई के दौरान विभागीय टीम ने जांच के लिए कब्जे में लिए दस्तावेज
- फ्लैट खरीदारों से टैक्स वसूला, सरकारी खजाने में नहीं कराया जमा
अमर उजाला ब्यूरो
देहरादून। राज्य कर विभाग ने देहरादून में बिल्डर्स के कार्यालय में छापामारी कर लाखों रुपये की टैक्स चोरी पकड़ी है। बिल्डर्स फ्लैट खरीदारों से जीएसटी की वसूली कर रहा था, लेकिन सरकारी खजाने में जमा नहीं कराया। कार्रवाई के दौरान विभागीय टीम ने बैंक खाते, फ्लैट की रजिस्ट्री समेत अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज जांच के लिए कब्जे में लिए हैं।
राज्य कर आयुक्त सोनिका की ओर से विभागीय अधिकारियों को टैक्स चोरी करने वालों के खिलाफ सघन अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। संयुक्त आयुक्त देहरादून अनुराग मिश्रा की ओर से गठित टीम ने मंगलवार को सुभाष रोड स्थित बिल्डर्स के कार्यालय में छापामारा। टीम ने टैक्स संबंधित दस्तावेजों की जांच करने पर पाया गया कि बिल्डर्स फ्लैट खरीदारों से जीएसटी वसूल रहा था, लेकिन टैक्स को राजकोष में जमा नहीं कराया। बिल्डर्स ने अपनी गलती मानते हुए कार्रवाई के दौरान 50 लाख रुपये का टैक्स जमा कराया। अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभिक जांच में लगभग डेढ़ करोड़ टैक्स चोरी करने का अनुमान है। कार्यालय से कब्जे में लिए दस्तावेजों की गहन जांच की जा रही है। उपायुक्त अजय बिरथरे ने बताया कि जांच का दायरा विस्तृत है और वास्तविक टैक्स देयता कहीं अधिक है। बिल्डर्स से शीघ्र ही बकाया टैक्स राशि जमा कराने की बात कही है। टैक्स चोरी मामले की जांच जारी है।