-अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने पेपर लीक आरोपों पर 11 अक्तूबर को रद्द की थी परीक्षा
-तीन माह में दोबारा कराने का था वादा लेकिन अब चल रही है सीबीआई जांच
अमर उजाला ब्यूरो
देहरादून। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूकेएसएसएससी) तीन माह के भीतर नहीं बल्कि सीबीआई जांच पूरी होने के बाद ही स्नातक स्तरीय परीक्षा कराएगा। फिलहाल आयोग जांच के दौरान सीबीआई को सभी जरूरी दस्तावेज उपलब्ध करा रहा है।
यूकेएसएसएससी ने प्रदेश में 21 सितंबर को स्नातक स्तरीय परीक्षा कराई थी, जिसमें करीब एक लाख पांच हजार अभ्यर्थी शामिल हुए थे। परीक्षा में हरिद्वार के एक केंद्र से पेपर लीक का प्रकरण सामने आने के बाद छात्रों ने आंदोलन किया था। छात्रों की मांग के तहत सरकार ने सीबीआई जांच की सिफारिश कर दी थी। उधर, पेपर लीक प्रकरण में एकल सदस्यीय न्यायिक जांच आयोग की रिपोर्ट के आधार पर यूकेएसएसएससी ने स्नातक स्तरीय परीक्षा 11 अक्तूबर को रद्द कर दी थी।
आयोग ने परीक्षा रद्द करते समय तीन माह के भीतर दोबारा इसके आयोजन की घोषणा भी की थी लेकिन सीबीआई जांच की वजह से यह वादा पूरा होना संभव नजर नहीं आ रहा। आयोग के सचिव डॉ. शिव कुमार बरनवाल का कहना है कि चूंकि मामले की सीबीआई जांच चल रही है इसलिए अभी परीक्षा कराना संभव न होगा।
सीबीआई की जांच पूरी होने के बाद आयोग इस परीक्षा पर फैसला लेगा। डॉ. बरनवाल ने बताया कि फिलहाल सीबीआई की टीम ने आयोग से जो भी दस्तावेज मांगे थे, वह उपलब्ध करा दिए गए हैं। अब अभ्यर्थियों को सीबीआई जांच पूरी होने का इंतजार करना होगा।