-निदेशक परिचालन ने सभी अधीक्षण अभियंता, सीईओ स्मार्ट मीटरिंग को भेजा पत्र
-कहा, केंद्र सरकार की गाइडलाइंस के मुताबिक, स्मार्ट मीटर निर्धारित समय सीमा में लगाएं
अमर उजाला ब्यूरो
देहरादून। करीब 10 दिन तक सभी शिकायतों, समस्याओं की सुनवाई के बाद यूपीसीएल ने प्रदेशभर में स्मार्ट मीटर लगाने का काम दोबारा शुरू कर दिया है। इस संबंध में निदेशक परिचालन एमआर आर्य ने सभी अधीक्षण अभियंता, सीईओ स्मार्ट मीटरिंग को पत्र भेजा है।
यूपीसीएल के पास स्मार्ट मीटर संबंधी शिकायतें आ रही थीं, जिनका संज्ञान लेकर एमडी अनिल कुमार ने 22 नवंबर को नए स्मार्ट मीटर लगाने का काम अस्थायी रूप से रोककर पहले समस्याओं का निपटारा करने के निर्देश दिए थे। इसके लिए यूपीसीएल ने खंडवार मेगा शिविर लगाए और शिकायतों का निपटारा किया। अब यूपीसीएल ने स्मार्ट मीटर लगाने का काम दोबारा शुरू कर दिया है।
यूपीसीएल के निदेशक परिचालन एमआर आर्य ने बताया कि प्रदेशभर में विशेष मेगा शिविर लगाए गए थे, जिसकी रिपोर्ट भी मुख्यालय को मिली है। केंद्र सरकार ने स्मार्ट मीटर लगाने के लिए समय सीमा निर्धारित की हुई है। लिहाजा, सभी को निर्देश दिए गए हैं कि केंद्रीय गाइडलाइंस के तहत स्मार्ट मीटर लगाने का काम दोबारा शुरू किया जाएगा। प्रदेश में करीब 16 लाख घरों पर स्मार्ट मीटर लगने हैं, जिसके सापेक्ष अभी तक करीब ढाई लाख घरों पर ये मीटर लगाए जा चुके हैं।