प्रांतीय चिकित्सा सेवा संघ ने राजकीय अवकाश के दिन प्रदेश के समस्त सरकारी अस्पतालों की ओपोडी बंद रखने का एलान किया है। प्रांतीय चिकित्सा सेवा संघ की वर्किंग कमेटी के समन्वयक डॉ. एनएस बिष्ट का कहना है कि दीपावली पर 19 और 20 अक्तूबर को चिकित्सक ओपीडी बंद रखेंगे।
प्रदेश के सभी सरकारी अस्पताली में राजकीय अवकाश के दिन ओपीडी खुलती रही है, लेकिन अब प्रांतीय चिकित्सा सेवा संघ ने अवकाश के दिन ओपीडी खोलने से इनकार कर दिया है। संघ का कहना है कि राजकीय अवकाश के दिन ओपीडी खुलने पर डॉक्टरों को न तो इसके बदले कोई छुट्टी मिलती है न ही अतिरिक्त वेतन।
संघ की वर्किंग कमेटी के समन्वयक डॉ. एनएस बिष्ट ने कहा कि राजकीय अवकाश के दिन ओपीडी खोलने पर डॉक्टर साल में एक महीने के अतिरिक्त वेतन या इसके बदले छुट्टी की मांग करते आए हैं, लेकिन राज्य गठन से लेकर अब तक इस मांग पर अमल नहीं किया गया।
उन्होंने कहा कि डॉक्टरों ने यह निर्णय लिया है कि राजकीय अवकाश के दिन ओपीडी पूरी तरह से बंद रहेगी। हालांकि, पोस्टमार्टम और इमरजेंसी आदि सेवाएं चलती रहेंगी। उन्होंने कहा कि जो चिकित्सक राजकीय अवकाश के दिन इमरजेंसी ड्यूटी में रहेंगे उन्हें इसके बदले एक दिन का अतिरिक्त अवकाश देय होगा।