सोने और चांदी की खरीदारी करने वालों के लिए अच्छी खबर है। इनका भाव तीन माह के सबसे निचले स्तर पर आ गया है। विश्व स्तर पर क्रूड ऑयल के दाम गिरने के साथ ही 24 कैरेट सोने का दाम शुक्रवार को 25,800 रुपये प्रति दस ग्राम रिकॉर्ड किया गया। जबकि चांदी का भाव 34,500 रुपये प्रति किलोग्राम रिकॉर्ड किया गया। चांदी के दामों में बीते तीन माह में करीब 2500 रुपये प्रति किलोग्राम की गिरावट आई है।
सोने और चांदी में निवेश का बेहतर मौका
बाजार विशेषज्ञों के मुताबिक इस वक्त सोने और चांदी में निवेश करने का बेहतर मौका है। आगामी शादियों के सीजन के मद्देनजर भी सोने-चांदी के गहने खरीदने का यह सही समय है। बाजार में शुक्रवार को भाव गिरने के बाद ग्राहकों की संख्या में इजाफा हुआ है।
इसके पीछे मुख्य वजह अंतरराष्ट्रीय बाजार की उथल-पुथल को माना जा रहा है। सराफा मंडल के पीआरओ अमित गोयल का कहना है कि बाजार में लगातार डिमांड बनी हुई है, लेकिन अंतरराष्ट्रीय बाजारों की वजह से सोने और चांदी के भाव गिर रहे हैं। आगामी कुछ समय तक भाव इसी के आसपास रहने का अनुमान है।