ऐसा लग रहा लंदन में नहीं, उत्तराखंड में हूं
सीएम ने कहा कि हीथ्रो एयरपोर्ट पर उत्तराखंड के प्रवासियों ने गर्मजोशी से उत्तराखंडी रीति रिवाजों और वाद्य यंत्रों से स्वागत किया। वह भाव-विभोर करने वाला पल था। शाम को लंदन में उत्तराखंड के प्रवासियों की ओर से सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया। ऐसा लग रहा था कि वे लंदन में नहीं बल्कि उत्तराखंड के ही किसी शहर में अपने भाई-बहनों से मिल रहे हैं।
नवंबर में आपदा पर होगा वैश्विक सेमिनार : धामी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि हर साल उत्तराखंड को अत्यधिक बारिश और बर्फबारी के कारण आपदाओं का सामना करना पड़ता है। इसको ध्यान में रखते हुए हम विकास का एक मॉडल तैयार कर रहे हैं। खासकर अमृत काल के लिए। हमारा मॉडल पारिस्थितिकी और अर्थव्यवस्था को संतुलित करना है ताकि लोगों के स्वास्थ्य और पर्यावरण पर प्रतिकूल प्रभाव न पड़े। धामी ने कहा कि हिमालय को सुरक्षित और संरक्षित रखना चाहिए। आपदा प्रबंधन पर विचार-मंथन के लिए नवंबर में एक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें बड़ी संख्या में संबंधित क्षेत्रों के विशेषज्ञ शामिल होंगे और कई पहलुओं पर चर्चा करेंगे।