फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Uttarakhand Chamoli Live: सुरंग में जलस्तर बढ़ा, रेस्क्यू ऑपरेशन रुका, पीएम ने सीएम को चौथी बार किया फोन

Mon, 08 Feb 2021 12:16 AM IST
स्नेहा बलूनी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जोशीमठ

खास बातें

उत्तराखंड के चमोली जिले के रैणी गांव में रविवार को ग्लेशियर फटने से धौली गंगा नदी में बाढ़ आ गई। इससे चमोली से हरिद्वार तक खतरा बढ़ गया है। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन की टीम मौके के लिए रवाना हो गई। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत से बात की। उन्होंने राज्य को हरसंभव मदद देने का आश्वासन दिया है। साथ ही भाजपा कार्यकर्ताओं को मदद करने के लिए कहा। सेना, वायुसेना, एनडीआरएफ, आईटीबीपी और एसडीआरएफ की टीमें स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर राहत और बचाव का कार्य कर रहे हैं। इसके अलावा अबतक सात लोगों के शव बरामद हो चुके हैं और 170 लोगों के लापता होने की आशंका जताई जा रही है। मुख्यमंत्री ने लोगों से पुराने वीडियो शेयर न करने और धैर्य बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने मदद के लिए एक मोबाइल नंबर भी जारी किया है। यहां पढ़ें इससे जुड़े अपडेट्स
विज्ञापन
उत्तराखंड त्रासदी - फोटो : ANI Video Grab
विज्ञापन

लाइव अपडेट

12:10 AM, 08-Feb-2021

अब भी प्रकृति से सीखने का अवसर है- राजेंद्र सिंह 

चमोली जिले में एवलांच के बाद ऋषिगंगा और फिर धौलीगंगा पर बने हाइड्रो प्रोजेक्ट का बांध टूटने पर प्रसिद्ध पर्यावरण विद एवं जलपुरुष राजेंद्र सिंह ने अपनी प्रतिक्रिया जारी की है। उन्होंने कहा कि पिछले साल प्रो जीडी अग्रवाल गंगा नदी पर बनाये जा रहे बांधों को लेकर लंबे समय तक अनशनरत रहे और आमरण अनशन कर अपना प्राण त्यागे थे। और उनकी मांग थी कि गंगा, भागीरथी, मंदाकिनी और अलकनंदा पर सभी निर्माणाधीन और प्रस्तावित बांधों पर तत्काल रोक लगा दी जाए। लेकिन सरकारों ने उनकी मांगों को नहीं माना। अब प्रकृति ने ही इन योजनाओं को रद्द कर दिया है।

11:55 PM, 07-Feb-2021

भारतीय वायु सेना ने जारी की तस्वीरें

भारतीय वायु सेना ने उत्तराखंड में बाढ़ स्थल से प्रारंभिक रिपोर्ट प्राप्त करने के बाद दृश्यों को साझा किया है। पहली तस्वीर- तपोवन के पास टूटे ऋषिगंगा प्रोजेक्ट डैम की है और दूसरी तस्वीर- मलारी घाटी के प्रवेश द्वार पर मलबे के कारण सड़क और पुल टूटा हुआ।

 

11:37 PM, 07-Feb-2021

सुबह 6.45 बजे जाएंगे विशेषज्ञ कर्मचारी

भारतीय वायु सेना के पीआरओ विंग कमांडर इंद्रनील नंदी ने बताया कि दिल्ली से एयरलिफ्ट किए गए सभी विशेषज्ञ कर्मचारी देहरादून पहुंच गए हैं। देहरादून से इन कार्मिकों को वायुसेना के विमान से प्रभावित क्षेत्रों में सुबह 6:45 बजे भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि विशेष उपकरणों के साथ वैज्ञानिकों को भी हवाई टोही के लिए क्षेत्रों में ले जाया जाएगा। हम यह सुनिश्चित करेंगे कि परिचालन में कोई समस्या नहीं आए। 

विज्ञापन
11:30 PM, 07-Feb-2021

रैणी में 2 पुलिस कर्मी सहित 27 लोग मिसिंग: डीजीपी

डीजीपी अशोक कुमार ने जोशीमठ में पत्रकारों से वार्ता में कहा कि रैणी में 2 पुलिस कर्मी सहित 27 लोग मिसिंग हैं। जबकि तपोवन परियोजना में 150 लोग काम कर रहे थे, जिनमें से 7 लोगों की बॉडी बरामद कर ली गई है। कितने लोग प्रभावित क्षेत्र से मिसिंग हैं, इसका अभी डाटा उपलब्ध नहीं है, तपोवन परियोजना की 900 मीटर लंबी टनल में मलबा घुसा है, उसे खोलने का काम चल रहा है। 150 मीटर तक टनल खोल दी गई है। रातभर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जाएगा। सोमवार तक पूरी स्थिति स्पष्ट हो जाएगी। वहीं चमोली जिला प्रशासन ने आठ शव मिलने की पुष्टि की है।

11:13 PM, 07-Feb-2021

प्रधानमंत्री ने चार बार किया फोन

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने बताया कि आपदा को लेकर प्रधानमंत्री मोदी काफी चिंतित हैं। उन्होंने चार बार फोन पर ताजा स्थिति की जानकारी ली है।
 

विज्ञापन
11:03 PM, 07-Feb-2021

टनल में जलस्तर बढ़ने से रोका गया बचाव कार्य

उत्तराखंड के डीजीपी अशोक कुमार ने कहा कि एनटीपीसी की 900 मीटर लंबी तपोवन सुरंग में बचाव कार्य जल स्तर बढ़ने के कारण रोकना पड़ा। प्रेस सूचना ब्यूरो उत्तराखंड ने यह जानकारी दी है।

10:13 PM, 07-Feb-2021

ऋषिकेश-जोशीमठ-माणा मार्ग का संचालन शुरू

उत्तराखंड में ग्लेशियर टूटने के बाद धौली गंगा में बाढ़ के कारण ऋषिकेश-जोशीमठ-माणा मार्ग को एहतियातन बंद कर दिया गया था। अब जानकारी आ रही है कि इस मार्ग को यातायात के लिए फिर से खोल दिया गया है। 

 

09:56 PM, 07-Feb-2021

अमेरिका ने जताया दुख

उत्तराखंड में ग्लेशियर के टूटने की घटना पर अमेरिका ने दुख जताते हुए कहा कि इस घटना में जान गंवाने वाले लोगों मृतकों के परिवार के प्रति हमारी गहरी संवेदना है। हम घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हैं।

 

09:28 PM, 07-Feb-2021

ग्लेशियोलॉजिस्ट की दो टीमें जोशीमठ-तपोवन आएंगी

उत्तराखंड त्रासदी के बाद कारणों का अध्ययन करने के लिए सोमवार को ग्लेशियोलॉजिस्ट की दो टीमें जोशीमठ-तपोवन आएंगी। अधिकारियों ने इसकी जानकारी दी। 

09:22 PM, 07-Feb-2021

अब तक सात लोगों की मौत, 170 लापता

राज्य आपदा प्रबंधन केंद्र ने जानकारी देते हुए बताया कि उत्तराखंड में ग्लेशियर टूटने के बाद अब तक सात लोगों की मौत हो गई है। वहीं छह घायल और लगभग 170 लापता हैं।

 

08:41 PM, 07-Feb-2021

टनल नंबर-1 में फंसे हैं 30 लोग

आईटीबीपी के जनसंपर्क अधिकारी विवेक पांडे ने बताया कि अब हम दूसरी सुरंग पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं, जो कि सुरंग नंबर एक है। अब तक मिली जानकारी के अनुसार यहां लगभग 30 लोग वहां फंसे हुए हैं। हम रात का ऑपरेशन भी करेंगे। हमारी टीमें पहले से ही काम पर लगी र्हु हैं और उम्मीद है कि हम उन्हें जल्द ही बाहर निकाल लेंगे।

 

08:33 PM, 07-Feb-2021

शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती बेहद दुखी

उत्तराखंड में ग्लेशियर फटने की घटना से द्वारकाशारदा पीठ के शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती बेहद दुखी हैं। रविवार को माघ मेला में पत्रकारों से हुई अनौपचारिक बातचीत के दौरान उन्होंने इस हादसे पर दुख व्यक्त किया। इस बीच शंकराचार्य के अनुयायियों ने ज्योतिषपीठ पर उनके पीठासीन होने के उपलक्ष्य में होने वाले स्वर्ण ज्योति समारोह के चौथे कार्यक्रम को भी स्थगित कर दिया है।

08:29 PM, 07-Feb-2021

कानपुर में भी अलर्ट

नंदा देवी ग्लेशियर टूटने की घटना को लेकर कानपुर में भी अलर्ट जारी किया गया है। वहीं गंगा के आसपास चौकसी बढ़ाने की तैयारी गई है। इस घटना को लेकर प्रशासन और सिंचाई विभाग के अधिकारियों के बीच बैठक होगी। इस बीच गंगा बैराज के अधिकारियों ने प्रशासन को बताया कि कानपुर गंगा तक ग्लेशियर का पानी आने में करीब एक सप्ताह लग सकता है।

08:21 PM, 07-Feb-2021

दो विमानों को किया गया तैनात

हिंडन एयर फोर्स स्टेशन के दो C-130 विमानों के साथ NDRF की टीमों को तैनात किया है। जहां Mi-17 और ALH हेलीकॉप्टरों को जोशीमठ में आगे की तैनाती के लिए तैनात किया गया है।  

08:06 PM, 07-Feb-2021

 पूरी रात चलेगा रेस्क्यू ऑपरेशन

उत्तराखंड के चमोली में ग्लेशियर फटने के बाद अब राहत बचाव के काम तेज कर दिए गए हैं। इसके लिए पूरी रात रेस्क्यू ऑपरेशन चलेगा। गृह राज्यमंत्री नित्यानंद कंट्रोल रूम से इसको मॉनिटर करेंगे।

08:05 PM, 07-Feb-2021

उत्तराखंड त्रासदी: लापता हैं बेलरायां के सात युवा मजदूर

उत्तराखंड के चमोली में ग्लेशियर फटने के बाद से निघासन विकास खंड की ग्राम पंचायत भेड़ौरी (बेलरायां) के आसपास के गांवों के सात मजदूर भी लापता हैं। इन सभी के मोबाइल भी स्विच ऑफ हैं। वहीं संपर्क न होने से परिवार के लोग परेशान हैं। घरों में अनहोनी की आशंका को लेकर चीखपुकार मची है।

07:54 PM, 07-Feb-2021

जोशीमठ में कंट्रोल रूम की स्थापना

 रक्षा मंत्रालय ने बताया कि उत्तराखंड त्रासदी में बचाव अभियान को तेज करने के लिए जोशीमठ में कंट्रोल रूम की स्थापना की गई है। 

07:50 PM, 07-Feb-2021

भाजपा नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया ने जताया दुख

भाजपा नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि उत्तराखंड में ग्लेशियर टूटने की घटना दुखद है। पूरा देश इस दुख की घड़ी में उत्तराखंड के लोगों के साथ है। केंद्र और राज्य सरकार आपस में मिलकर जो भी सहायता कर सकते हैं वह करने की कोशिश कर रहे हैं। मेरी श्रद्धांजली सभी दिवंगत आत्माओं के साथ है।

07:45 PM, 07-Feb-2021

गांवों को कोई नुकसान नहीं

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने जानकारी देते हुए कहा कि गांवों को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है।

07:42 PM, 07-Feb-2021

तपोवन में एक टनल में फंसे सभी लोगों का बचाया गया

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने एक चैनल को बड़ी जानकारी देते हुए कहा कि तपोवन में एक टनल में फंसे सभी 16 लोगों का बचा लिया गया है।

07:36 PM, 07-Feb-2021

केंद्र सरकार ने दो लाख रुपये मुआवजे की घोषणा की

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तराखंड के चमोली में ग्लेशियर के टूटने के कारण जान गंवाने वालों के परिजनों को दो लाख रुपये के मुआवजे की घोषणा की है। वहीं गंभीर रूप से घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।

07:30 PM, 07-Feb-2021

बाढ़ में लगभग 125 लोग बहेः रावत

मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि 180 भेड़ और बकरियों के साथ पांच स्थानीय लोग बाढ़ में बह गए। उन्होंने कहा सरकारी आंकड़े के अनुसार लगभग 125 लोग लापता हैं। संख्या अधिक हो सकती है।

07:04 PM, 07-Feb-2021

डीआरडीओ की टीम जाएगी उत्तराखंड

ग्लेशियर टूटने की घटना के बाद अब सोमवार को डीआरडीओ की टीम स्थिति का आकलन करने उत्तराखंड जाएगी।

 

06:38 PM, 07-Feb-2021

सीएम ने चार लाख मुआवजे की घोषणा की

उत्तराखंड के सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत ने मृतक के परिजनों को चार-चार लाख रुपये मुआवजे देने की घोषणा की है।

 

06:20 PM, 07-Feb-2021

कैबिनेट सचिव राजीव गौबा ने की बैठक

कैबिनेट सचिव राजीव गौबा की अध्यक्षता में राष्ट्रीय संकट प्रबंधन समिति (NCMC) ने आज उत्तराखंड में प्राकृतिक आपदा से उत्पन्न स्थिति की समीक्षा की।

06:19 PM, 07-Feb-2021

सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत लौटे देहरादून

उत्तराखंड के सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत ने स्थिति की समीक्षा करने के बाद देहरादून वापस आ गए हैं। उन्होंने कहा कि मैं अब आपदा प्रबंधन दल से मिल रहा हूं जिसमें राज्य के अधिकारी और सेना और आईटीबीपी शामिल हैं। मैं जल्द ही प्रेस वार्ता करूंगा और स्थिति पर सभी को अपडेट करूंगा।

06:12 PM, 07-Feb-2021

 रैणी गांव में मची तबाही, पढ़ें किसने क्या कहा

उत्तराखंड के चमोली जिले के रैणी गांव में रविवार को ग्लेशियर फटने से धौली गंगा नदी में बाढ़ आ गई। इससे चमोली से हरिद्वार तक खतरा बढ़ गया है। घटना की सूचना मिलते ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत से बात की। उन्होंने राज्य को हरसंभव मदद देने का आश्वासन दिया है। आइए जानते हैं इस तबाही को लेकर किसने क्या कुछ कहा... यहां पढ़ें पूरी खबर

06:12 PM, 07-Feb-2021

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने जताया दुख

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि ग्लेशियर के फटने से हुए नुकसान के बारे में मैं चमोली जिले से जानकारी ले रहा हूं। इस कठिन समय में, हम त्रासदी से प्रभावित लोगों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हैं। उत्तराखंड के लोगों की भलाई के लिए मैं प्रार्थना करता हूं। 

 

05:54 PM, 07-Feb-2021

सोनिया गांधी ने जताया दुख

उत्तराखंड में ग्लेशियर टूटने की घटना पर कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने भी दुख जताया है। उन्होंने कहा कि मैं सभी की सुरक्षा के लिए प्रार्थना करती हूं। मैं कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्वयंसेवकों से अनुरोध करती हूं कि वे राहत और बचाव के प्रयासों में लोगों एवं अधिकारियों की मदद करें। त्रासदी और संकट की इस घड़ी में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस उत्तराखंड के लोगों के साथ खड़ी है।

05:18 PM, 07-Feb-2021

उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने जताया दुख

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दुख जताते हुए कहा कि उत्तराखंड में ग्लेशियर टूटने से भीषण त्रासदी हुई है। पीड़ित परिवारों के प्रति हमारी संवेदना है। अलकनंदा गंगा की सहायक नदी है और उत्तर प्रदेश के अंदर गंगा लगभग 1,000 किलोमीटर का रास्ता तय करती है। हमने अपने जल शक्ति विभाग को अलर्ट कर दिया है। 

04:35 PM, 07-Feb-2021

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जताया दुख

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बंगाल के हल्दिया में उत्तराखंड त्रासदी पर दुख जताते हुए कहा कि मां गंगा का उद्गम स्थल उत्तराखंड इस समय आपदा का सामना कर रहा है। ग्लेशियर टूटने से वहां नदी का जलस्तर बढ़ गया है। मैं उत्तारखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, भारत सरकार के गृह मंत्री से लगातार संपर्क में हूं। 

पीएम ने कहा कि राहत एवं बचाव का कार्य चल रहा है। लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है। मेडिकल सुविधाओं में कमी न हो, इसपर जोर दिया जा रहा है।

 

04:26 PM, 07-Feb-2021

फिलहाल बाढ़ का खतरा टलाः डीजीपी

उत्तराखंड में त्रासदी की घटना के बीच राहत भरी खबर आ रही है। राज्य के डीजीपी ने जानकारी दी है कि बाढ़ का खतरा फिलहाल टल गया है। उन्होंने कहा कि श्रीनगर से नदी का बहाव सामान्य हो गया है। वहीं देवप्रयाग और निचले इलाकों में भी खतरा टल गया है। जबकि बचाव दल ने तपोवन डेम में फंसे 16 लोगों को सुरक्षित निकाल लिया है।

04:20 PM, 07-Feb-2021

 गाजियाबाद से एनडीआरएफ की दो टीम रवाना

 गाजियाबाद से एनडीआरएफ की दो टीम उत्तराखंड के लिए रवाना हो चुकी है। राहत काम तेज कर दी गई है।

04:14 PM, 07-Feb-2021

रेनी गांव के पास आवागमन पूरी तरह से प्रतिबंधित

आईटीबीपी के डीजी के अनुसार रेनी गांव के पास पुल के ढहने के कारण कुछ सीमा पर आवागमन पूरी तरह से प्रतिबंधित किया गया है। 

04:09 PM, 07-Feb-2021

एनटीपीसी लिमिटेड के प्रोजेक्ट को पहुंचा नुकसान

एनटीपीसी लिमिटेड ने जानकारी देते हुए कहा कि उत्तराखंड में तपोवन के पास ग्लेशियर टूटने से हमारे निर्माणाधीन जलविद्युत परियोजना के एक हिस्से को नुकसान पहुंचा है। बचाव अभियान लगातार जारी है।

03:59 PM, 07-Feb-2021

अब तक 10 लोगों के शव बरामद

आईटीबीपी के डीजी एसएस देसवाल ने जानकारी देते हुए बताया है कि काम वाले जगह पर 100 से अधिक मजदूर मौजूद थे। जिनमें से 10 लोगों के शव बरामद किए गए हैं। सर्च ऑपरेशन जारी है। 250 से अधिक आईटीबीपी के जवान मौजूद हैं।

 

03:56 PM, 07-Feb-2021

सीमा सड़क संगठन का पुल बहा

जोशीमठ क्षेत्र से आगे मलारी के पास एक सीमा सड़क संगठन का पुल बाढ़ से बह गया है। महानिदेशक बीआरओ लेफ्टिनेंट जनरल राजीव चौधरी ने अधिकारियों को जल्द से जल्द इसे बहाल करने का निर्देश दिया है। आवश्यक दुकानों और कर्मियों को सुरक्षित स्थान पर ले जाया जा रहा है।

 

03:42 PM, 07-Feb-2021

राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद ने जताया दुख

राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद ने कहा कि जोशीमठ, उत्तराखंड के पास ग्लेशियर के फटने की घटना से बहुत चिंतित हूं। लोगों की सुरक्षा के लिए कामना करता हूं। मुझे विश्वास है कि राहत टीम जल्द से जल्द इस मुसीबत से पार पा लेंगे।
 

03:41 PM, 07-Feb-2021

गंगा नदी का मामला इसलिए हम भी सतर्कः नीतीश कुमार

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि हम उत्तराखंड के चमोली में ग्लेशियर टूटने को लेकर जानकारी एकत्र कर रहे हैं। हमारे अधिकारी वहां के अधिकारियों के संपर्क में हैं। चूंकि यह गंगा नदी का मामला है, इसलिए हमें चिंता करने की जरूरत है।

03:29 PM, 07-Feb-2021

150 से अधिक श्रमिकों की मौत की आशंका

तपोवन एनटीपीसी ऊर्जा संयंत्र के परियोजना स्थल प्रभारी के मुताबिक 150 से अधिक श्रमिकों की मौत की आशंका है। वहीं अब तक तीन शव मिले हैं। आईटीबीपी के प्रवक्ता ने इसकी जानकारी दी।

03:22 PM, 07-Feb-2021

16 लोगों को पुलिस ने सुरक्षित स्थानों पर भेजा

उत्तराखंड के डीजीपी अशोक कुमार ने कहा, 'तपोवन बांध में फंसे 16 लोगों को पुलिस ने सुरक्षित स्थानों पर भेजा है।'
 
 

03:18 PM, 07-Feb-2021

स्थिति का जायजा लेने पहुंचे मुख्यमंत्री रावत

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत चमोली के तपोवन क्षेत्र के रैणी गांव के पास पहुंचे। वे स्थिति का जायजा ले रहे हैं।
 
 

03:12 PM, 07-Feb-2021

सेना और आईटीबीपी ने मुख्यमंत्री को दी जानकारी

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत को चमोली जिले के तपोवन क्षेत्र में सेना और आईटीबीपी के जवानों द्वारा बाढ़ की स्थिति के बारे में जानकारी दी गई।
 
 

03:11 PM, 07-Feb-2021

आईटीबीपी ने बरामद किए तीन शव

उत्तराखंड के चमोली के तपोवन इलाके में एनटीपीसी स्थल से तीन शव बरामद हुए हैं। यह जानकारी आईटीबीपी ने दी।
 
 

03:02 PM, 07-Feb-2021

जेपी नड्डा ने उत्तराखंड के सीएम से की बात

भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने उत्तराखंड के सीएम टीएस रावत से बात की और चमोली में बाढ़ की स्थिति के बारे में जानकारी ली। उन्होंने राज्य के भाजपा प्रमुख से भी बात की और  भाजपा कार्यकर्ताओं को प्रोटोकॉल के बाद बचाव कार्य में मदद करने को कहा।
 
 

02:53 PM, 07-Feb-2021

बरामद हुए 2 शव

उत्तराखंड के डीजीपी अशोक कुमार ने कहा, 'करीब 50-100 लोग लापता हैं। 2 शव बरामद किए गए हैं, कुछ घायलों को बचाया गया है। स्थिति नियंत्रण में हैं। तपोवन-रैणी में बिजली परियोजना पूरी तरह से बह गई है।'

02:51 PM, 07-Feb-2021

रेड अलर्ट जारी

उत्तराखंड के मुख्य सचिव ओम प्रकाश ने कहा, 'हताहतों की संख्या 100 से 150 के बीच होने की आशंका है। आईटीबीपी, एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें पहले ही घटनास्थल पर पहुंच चुकी हैं। रेड अलर्ट जारी किया गया है।'
 
 

02:46 PM, 07-Feb-2021

ऋषिगंगा ऊर्जा परियोजना में काम करकने वाले 150 से अधिक कामगार हुए प्रभावित

राज्य के आपदा मोचन बल की डीआईजी रिद्धिम अग्रवाल ने पीटीआई को बताया कि ऋषिगंगा ऊर्जा परियोजना में काम करने वाले 150 से अधिक कामगार संभवत: इस प्राकृतिक आपदा से सीधे तौर पर प्रभावित हुए हैं। उन्होंने कहा, 'ऊर्जा परियोजना के प्रतिनिधियों ने मुझे बताया है कि परियोजना स्थल पर मौजूद रहे 150 कामगारों से उनका संपर्क नहीं हो पा रहा है।'

02:38 PM, 07-Feb-2021

आपातकालीन उपाय के लिए जारी किए गए हैं निर्देश

रैणी गांव में लगभग सुबह 10:45 बजे एक आपदा की सूचना मिली। इसने चमोली में दो बांध स्थलों को प्रभावित किया है। स्थिति का जायजा लेने और आपातकालीन उपाय करने के लिए तत्काल निर्देश जारी किए गए हैं। इसके साथ ही, राज्य की आपदा प्रतिक्रिया तंत्र को सक्रिय किया गया।

02:35 PM, 07-Feb-2021

कांग्रेस साथी राहत कार्य में हाथ बटाएं

कांग्रस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा, 'चमोली में ग्लेशियर फटने से बाढ़ त्रासदी बेहद दुखद है। मेरी संवेदनाएं उत्तराखंड की जनता के साथ हैं। राज्य सरकार सभी पीड़ितों को तुरंत सहायता दें। कांग्रेस साथी भी राहत कार्य में हाथ बटाएं।'
 
 

02:28 PM, 07-Feb-2021

यह एक प्राकृतिक आपदा है

केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा, 'यह एक ऐसी त्रासदी है जो बेहद चौंकाने वाली है। यह एक प्राकृतिक आपदा है। गृह मंत्री ने आश्वासन दिया है कि उत्तराखंड सरकार की हर मदद की जाएगी। इससे कोई संकोच नहीं किया जाएगा।'
 
 

02:23 PM, 07-Feb-2021

आईटीबीपी के जवान कर रहे हैं नुकसान का आकलन

आईटीबीपी के जवान तपोवन और रैणी गांव के उस इलाके में नुकसान का आकलन कर रहे हैं जहां आज बाढ़ आई है।
 
 

02:19 PM, 07-Feb-2021

सेना मुख्यालय कर रहा है स्थिति की निगरानी

भारतीय सेना ने कहा, 'भारतीय सेना ने बाढ़ से निपटने के लिए उत्तराखंड सरकार और एनडीआरएफ का साथ देने के लिए हेलिकॉप्टरों और सैनिकों को तैनात किया है। ऋषिकेश के निकट सैन्य स्टेशन सक्रिय रूप से स्थानीय प्रशासन के साथ बचाव और राहत कार्यों के समन्वय में शामिल है। सेना मुख्यालय स्थिति की निगरानी कर रहा है।'
 
 

02:15 PM, 07-Feb-2021

200 से अधिक जवान प्रशासन के साथ कर रहे हैं काम

आईटीबीपी के प्रवक्ता विवेक पांडे ने कहा, '200 से अधिक जवान स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर काम कर रहे हैं। स्थिति का आकलन करने के लिए एक टीम मौके पर मौजूद है। लोगों को जागरूक करने और बाहर निकालने के लिए जोशीमठ के पास एक और टीम तैनात की गई है। स्थिति नियंत्रण में है।'
 
 

02:08 PM, 07-Feb-2021

कैबिनेट सचिवालय में बुलाई गई बैठक

उत्तराखंड के चमोली में राहत कार्यों को लेकर कैबिनेट सचिवालय में एक बैठक बुलाई गई है। बैठक में महानिदेशक और गृह मंत्रालय के अधिकारी शामिल होंगे।
 
 

02:03 PM, 07-Feb-2021

भारत उत्तराखंड के साथ खड़ा है

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, 'मैं उत्तराखंड में हुई दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति की लगातार निगरानी कर रहा हूं। भारत उत्तराखंड के साथ खड़ा है और वहां सभी की सुरक्षा के लिए राष्ट्र प्रार्थना करता है। वरिष्ठ अधिकारियों से लगातार बात कर रहा हूं और एनडीआरएफ की तैनाती, बचाव कार्य और राहत कार्यों पर अपडेट प्राप्त कर रहा हूं।'
 
 

01:58 PM, 07-Feb-2021

बचाव कार्य के लिए वायुसेना ने तैनात किए तीन हेलिकॉप्टर

भारतीय वायुसेना के अधिकारी ने कहा, 'बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में बचाव कार्यों में मदद के लिए देहरादून और आस-पास के क्षेत्रों में वायुसेना के दो एमआई-17 और एक एएलएच ध्रुव हेलिकॉप्टर सहित तीन हेलिकॉप्टर को तैनात किया गया है। जमीन पर आवश्यकता के अनुसार अधिक विमान तैनात किए जाएंगे।'
 
 

01:53 PM, 07-Feb-2021

पीएम ने सीएम सहित शीर्ष अधिकारियों से की बात

प्रधानमंत्री कार्यालय ने कहा, असम में रहते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तराखंड की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने सीएम टीएस रावत और अन्य शीर्ष अधिकारियों से बात की। उन्होंने बचाव और राहत कार्यों का जायजा लिया। अधिकारी प्रभावितों को हर संभव सहायता प्रदान करने के लिए काम कर रहे हैं।
 
 

01:46 PM, 07-Feb-2021

एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमों को किया जाएगा एयरलिफ्ट

एनडीआरएफ के डीजी एसएन प्रधान ने कहा, 'ग्लेशियर टूटने से ऋषिगंगा नदी प्रभावित हुई है और बाढ़ के कारण बीआरओ द्वारा बनाया जा रहा पुल बह गया है। ऋषिगंगा परियोजना की अपर रीच भी क्षतिग्रस्त हो गई है। इससे चमोली, जोशीमठ और अन्य बहाव क्षेत्र प्रभावित होंगे। राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) की टीमें पहले से ही जोशीमठ में तैनात हैं। राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) पहले ही देहरादून से जोशीमठ स्थानांतरित हो चुका है। हम दिल्ली से देहरादून के बाद जोशीमठ तक 3-4 और टीमों को एयरलिफ्ट करने की आयोजन बना रहे हैं।'
 
 

01:39 PM, 07-Feb-2021

देवभूमि को हर संभव मदद मुहैया कराई जाएगी

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, 'उत्तराखंड में प्राकृतिक आपदा की सूचना के संबंध में मैंने मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत जी, आईटीबीपी और एनडीआरएफ के महानिदेशकों से बात की है। सभी संबंधित अधिकारी लोगों को सुरक्षित करने में युद्धस्तर पर काम कर रहे हैं। एनडीआरएफ की टीमें बचाव कार्य के लिए निकल गई हैं। देवभूमि को हर संभव मदद दी जाएगी। एनडीआरएफ की कुछ और टीमें दिल्ली से एयरलिफ्ट करके उत्तराखंड भेजी जा रही हैं। हम वहां की स्थिति को निरंतर मॉनिटर कर रहे हैं।'
 
 

01:35 PM, 07-Feb-2021

100-150 लोगों के हताहत होने की खबर

चमोली जिले में आई बाढ़ के चलते 100-150 लोगों के हताहत होने की आशंका है। यह जानकारी उत्तराखंड के मुख्य सचिव ओम प्रकाश ने दी।
 
 

01:34 PM, 07-Feb-2021

मुख्यमंत्री ने कहा- जनहानि की सूचना नहीं

मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि अभी तक किसी तरह की जनहानि की सूचना नहीं है।

01:32 PM, 07-Feb-2021

पीएम मोदी ने सीएम रावत से की बात

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फोन पर राज्य के मुख्यमंत्री त्रिवेंद सिंह रावत से फोन पर बात की।

01:30 PM, 07-Feb-2021

अमित शाह ने बाढ़ की स्थिति की जानकारी ली

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उत्तराखंड के चमोली जिले में बाढ़ की स्थिति के बारे में जानकारी ली। उत्तराखंड के मुख्य सचिव, केंद्रीय गृह सचिव और केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय के साथ समन्वय और राहत का जारी है। वायु सेना और अन्य आपदा राहत बल को स्टैंडबाय पर रखा गया है।
 
 

01:26 PM, 07-Feb-2021

नंदप्रयाग से आगे अलकनंदा का बहाव हुआ सामन्य

मुख्यमंत्री रावत ने कहा, 'राहत की खबर ये है कि नंदप्रयाग से आगे अलकनंदा नदी का बहाव सामान्य हो गया है। नदी का जलस्तर सामान्य से अब 1 मीटर ऊपर है लेकिन बहाव कम होता जा रहा है। राज्य के मुख्य सचिव, आपदा सचिव, पुलिस अधिकारी एवं मेरी समस्त टीम आपदा कंट्रोल रूम में स्थिति पर लगातार नजर रख रही है।'

01:23 PM, 07-Feb-2021

शाह ने मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत से बात

चमोली में आई आपदा के मद्देनदजर गृह मंत्री अमित शाह ने राज्य के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत से बात की। इसके अलावा उन्होंने आईटीबीपी के डीआईजी से भी बात की।

01:22 PM, 07-Feb-2021

सभी जिलाधिकारियों को भेजी गई आपदा चेतावनी

सभी जिलाधिकारियों को आपदा चेतावनी भेजी गई है। जिसमें कहा गया है, 'उत्तराखंड में नंदादेवी ग्लेशियर के एक हिस्से के टूटने की रिपोर्ट मिली है। गंगा नदी पर बसे जिलों को हाई अलर्ट पर रहने की आवश्यकता है और जल स्तर की 24 घंटे निरंतर निगरानी करने की आवश्यकता है। यदि जरूरत हो तो लोगों को बाहर निकालने और सुरक्षित स्थान पर ले जाने की आवश्यकता है। एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और पीएसी फ्लड कंपनी को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए गए हैं। कृपया स्थानीय स्तर पर भी समन्वय करें।'

01:13 PM, 07-Feb-2021

गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने कहा- एनडीआरएफ की तीन टीमों को देहरादून से किया गया रवाना

धौलीगंगा में बड़े पैमाने पर आई बाढ़ कोलेकर गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने कहा, 'आईटीबीपी की दो टीमें मौके पर पहुंचीं हैं। एनडीआरएफ की तीन टीमों को देहरादून से रवाना किया गया है और 3 अतिरिक्त टीमें शाम तक वायुसेना के हेलिकॉप्टर की मदद से वहां पहुंचेंगी। एसडीआरएफ और स्थानीय प्रशासन पहले से ही मौके पर मौजूद है।'
 

 

01:10 PM, 07-Feb-2021

मुख्यमंत्री बोले- सभी धैर्य बनाए रखें

मुख्यमंत्री रावत ने कहा, 'मैं स्वयं घटनास्थल के लिए रवाना हो रहा हूं। मेरी सभी से विनती है कि कृपया कोई भी पुराने वीडियो शेयर करके पैनिक ना फैलाएं। स्थिति से निपटने के सभी जरूरी कदम उठा लिए गए हैं। आप सभी धैर्य बनाए रखें।'
 
 

01:08 PM, 07-Feb-2021

ऋषिगंगा पावर प्रोजेक्ट हुआ क्षतिग्रस्त

चमोली पुलिस ने कहा, 'तपोवन क्षेत्र में एक ग्लेशियर टूटने से ऋषिगंगा पावर प्रोजेक्ट क्षतिग्रस्त हो गया है। अलकनंदा नदी के किनारे रहने वाले लोगों को जल्द से जल्द सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी जाती है।'
 
 

01:04 PM, 07-Feb-2021

मदद के लिए मुख्यमंत्री ने जारी किया नंबर

मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा, 'अगर आप प्रभावित क्षेत्र में फंसे हैं, आपको किसी तरह की मदद की जरूरत है तो कृपया आपदा परिचालन केंद्र के नंबर 1070 या 9557444486 पर संपर्क करें। कृपया घटना के बारे में पुराने वीडियो से अफवाह न फैलाएं। आप 1905 पर भी संपर्क कर सकते हैं।'
 
 

01:03 PM, 07-Feb-2021

रैणी गांव पहुंचे बचावकर्मी

चमोली जिले के जोशीमठ क्षेत्र के रेनी गांव में एसडीआरएफ और दमकल के बचावकर्मी पहुंच गए हैं।
 
 

01:00 PM, 07-Feb-2021

मौके पर पहुंच रहे हैं आईटीबीपी के जवान

आईटीबीपी ने कहा, 'रेनी गांव के पास धौली गंगा में भारी बाढ़ देखी गई। यहां बादल फटने या जलाशय टूटने के कारण कुछ जलस्रोतों में बाढ़ आ गई। इससे नदी किनारे बने घर नष्ट हो गए। बहुत से लोगों के हताहत होने की आशंका है। बचाव के लिए सैकड़ों आईटीबीपी के जवान मौके पर पहुंच रहे हैं।'
 
 

12:58 PM, 07-Feb-2021

सीएम बोले- अफवाहों पर ध्यान न दें

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा, 'चमोली जिले से एक आपदा की सूचना मिली है। जिला प्रशासन, पुलिस और आपदा प्रबंधन विभागों को स्थिति से निपटने के लिए निर्देशित किया गया है। किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें। सरकार सभी आवश्यक कदम उठा रही है।'
 
 

12:56 PM, 07-Feb-2021

घटनास्थल के लिए रवाना हुए जिलाधिकारी

चमोली के जिलाधिकारी ने अधिकारियों को धौली गंगा नदी के किनारे बसे गांवों में रहने वाले लोगों को बाहर निकालने का निर्देश दिया है। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक घटनास्थल के लिए रवाना हो गए हैं। 
 
 

12:55 PM, 07-Feb-2021

धौली गंगा नदी का जल स्तर बढ़ा

धौली गंगा नदी का जल स्तर बढ़ गया है। ऐसा चमोली जिले के तपोवन क्षेत्र के रैणी गांव में एक बिजली परियोजना के पास अचानक हिमस्खलन के बाद हुआ।
 
 

12:46 PM, 07-Feb-2021

उत्तराखंड में भारी तबाही, सुरंग में जलस्तर बढ़ा, रेस्क्यू ऑपरेशन रुका, पीएम ने सीएम को चौथी बार किया फोन

उत्तराखंड के जोशीमठ में रविवार को बड़ा हादसा हो गया है। यहां ग्लेशियर फटने से डैम टूट गया है। ग्लेशियर फटने से धौली नदी में बाढ़ आ गई है। हादसे में कई लोग बह गए हैं। 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें