सिडकुल की टाटा कंपनी में कार्यरत युवती की लालकुआं से बरेली जा रही पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आकर मौत हो गई। बताया जा रहा है कि उसने इयरफोन लगा रखे थे। युवती की मौत के बाद परिजनों में कोहराम मचा है।
बंडिया निवासी निरभान सिंह की 19 वर्षीय पुत्री महिमा राघव सिडकुल की टाटा कंपनी में नौकरी करती थी। सोमवार की सुबह वह घर से ड्यूटी के लिए निकली और रेलवे लाइन किनारे बस पकड़ने जा रही थी। इसी बीच पीछे से आ रही लालकुआं-बरेली ट्रेन की चपेट में आ गईं, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट लगी और मौके पर ही मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि दुर्घटना के वक्त युवती के कानों में इयरफोन लगा था। इसी वजह से वह ट्रेन की आवाज नहीं सुन सकी। जीआरपी के उपनिरीक्षक बलवीर सिंह राणा ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिये भिजवाया है।